NEET UG 2026: नीट यूजी परीक्षा रद्द, पेपर लीक के आरोपों के बाद दिल्ली में NSUI का भारी विरोध प्रदर्शन
NEET UG 2026: 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है। दिल्ली के शास्त्री भवन के बाहर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।

NEET UG Paper Leak, NTA NEET UG Exam 2026 Cancel : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा, NEET-UG 2026 को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा को पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के बाद आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है। इस खबर के सामने आते ही दिल्ली के शास्त्री भवन के बाहर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्र इतने आक्रोशित थे कि वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शास्त्री भवन की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि वे शांत नहीं हुए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संकट में 22.79 लाख छात्रों का भविष्य
इस साल NEET-UG परीक्षा में रिकॉर्ड 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में फैले 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा रद्द होने से उन लाखों मेधावी छात्रों को गहरा धक्का लगा है जिन्होंने दिन-रात एक कर इसके लिए तैयारी की थी।
विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने एक्स (X) पर अपनी पोस्ट में NEET परीक्षा को एक ‘नीलामी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि “परीक्षा से 42 घंटे पहले वॉट्सऐप पर प्रश्न बेचे जा रहे थे। 10 सालों में 89 पेपर लीक हुए हैं और 48 बार दोबारा परीक्षाएं करानी पड़ी हैं। मोदी सरकार भारत के युवाओं के सपनों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गई है।”
पेपर लीक का राजस्थान कनेक्शन और CBI जांच
जांच के दौरान पता चला कि पेपर लीक के तार राजस्थान से जुड़े हुए हैं। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने जांच में पाया कि जयपुर प्रिंटिंग का स्रोत और सीकर जिला इस लीक का केंद्र था। रिपोर्टों के अनुसार, परीक्षा से पहले एक 'गेस पेपर' सर्कुलेट किया गया था, जिसमें 720 में से 600 अंकों के सवाल असली पेपर से मेल खा रहे थे।
इन गंभीर आरोपों को देखते हुए, भारत सरकार ने अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। एनटीए ने बयान जारी कर कहा कि "पारदर्शिता बनाए रखने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास को सुरक्षित रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।"
अब आगे क्या?
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की नई तारीखों और नए एडमिट कार्ड जारी करने के संबंध में जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।




साइन इन