NEET देने जा रहे छात्रों को दिल्ली सरकार का तोहफा, परीक्षा वाले दिन DTC बसों में सफर रहेगा मुफ्त
NEET Re-Exam 2026 को लेकर छात्रों के लिए राहत भरी खबर आई है। दिल्ली में परीक्षा वाले दिन यानी की 21 जून को छात्रों के लिए मुफ्त बस सफर का ऐलान किया गया है।

दिल्ली में NEET परीक्षा देने जा रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार ने ऐलान किया है कि 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के दिन सभी उम्मीदवार DTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि इसका मकसद छात्रों को परीक्षा केंद्र तक बिना किसी परेशानी और अतिरिक्त खर्च के पहुंचाना है। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, छात्रों को इस सुविधा का फायदा लेने के लिए किसी अलग पास या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी। उम्मीदवार सिर्फ अपना वैध NEET एडमिट कार्ड बस कंडक्टर को दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इससे खासतौर पर उन छात्रों और परिवारों को राहत मिलेगी जो परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं।
जल्द जारी हो सकती है NEET UG Re-Exam 2026 की सिटी स्लिप
एनटीए अब किसी भी समय नीट यूजी दोबारा परीक्षा 2026 की सिटी स्लिप जारी कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पर्ची 31 मई 2026 तक जारी होने की उम्मीद है। सिटी स्लिप आने के बाद उम्मीदवार यह जान पाएंगे कि उनका परीक्षा शहर कौन सा रखा गया है। हालांकि इसमें पूरा परीक्षा केंद्र पता नहीं होता, लेकिन इससे छात्रों को यात्रा और रहने की तैयारी करने में काफी मदद मिल जाती है।
एडमिट कार्ड में क्या-क्या जानकारी होगी
नीट की दोबारा परीक्षा का एडमिट भी जल्द जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को इसे डाउनलोड करने के लिए अपना आवेदन संख्या और पासवर्ड इस्तेमाल करना होगा। एडमिट कार्ड में कई जरूरी जानकारियां दी जाएंगी, जैसे -
- उम्मीदवार का नाम
- रोल नंबर
- परीक्षा की तारीख और समय
- परीक्षा केंद्र का पूरा पता
- रिपोर्टिंग समय और जरूरी निर्देश
छात्रों को सलाह दी जा रही है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दी गई सभी जानकारियां ध्यान से जांच लें।
कैसे डाउनलोड करें नीट दोबारा परीक्षा सिटी स्लिप
सिटी स्लिप जारी होने के बाद उम्मीदवार आसान चरणों में इसे डाउनलोड कर सकेंगे। सबसे पहले उम्मीदवारों को एनटीए नीट की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा। वहां “NEET UG Re-Exam 2026 City Intimation Slip” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवेदन संख्या और जन्म तिथि या पासवर्ड दर्ज करना होगा। जानकारी जमा करते ही सिटी स्लिप स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखा जा सकता है।
फीस वापसी की आखिरी तारीख बढ़ाई गई
एनटीए ने नीट फीस वापसी सुविधा की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी है। अब योग्य उम्मीदवार 22 जून 2026 तक फीस वापसी के लिए आवेदन कर सकते हैं। जो छात्र फीस वापसी प्रक्रिया के लिए पात्र हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा कर लें। देरी होने पर उम्मीदवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
छात्रों को लगातार वेबसाइट देखने की सलाह
क्योंकि सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड कभी भी जारी किए जा सकते हैं, इसलिए उम्मीदवारों को लगातार आधिकारिक वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी जा रही है। कई बार सर्वर पर ज्यादा दबाव होने की वजह से वेबसाइट धीमी भी पड़ सकती है, इसलिए छात्रों को घबराने के बजाय थोड़ा इंतजार करके दोबारा कोशिश करनी चाहिए। इस समय सबसे जरूरी बात यह है कि छात्र अपनी तैयारी पर ध्यान रखें और किसी भी अफवाह या गलत जानकारी से बचें। एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट ही सही माने जाएंगे।




साइन इन