MBBS में 3 बार फेल, चला रहा था NEET UG में फर्जी स्कॉलर बिठाने का धंधा
NEET UG 2026: नीट एग्जाम में सेंध लगाने की कोशिश में बिहार पुलिस ने एक एमबीबीएस स्टूडेंट समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के फोन से NEET, BPSC AEDO और BSNL एग्जाम का एडमिट कार्ड व एक स्कैनर मिला है।

रविवार को नालंदा जिले के छह केन्द्रों पर नीट यूजी की परीक्षा हुई। इस परीक्षा से पहले शनिवार की रात पुलिस ने परीक्षा में फर्जी स्कॉलर बिठाने वाले राज्यस्तरीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पावापुरी मेडिकल कॉलेज के एक छात्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह का सरगना, इसी कॉलेज का एक अन्य छात्र बताया जाता है। वह अभी फरार है। दोनों मेडिकल छात्र मिलकर यह गोरखधंधा चला रहे थे।
एक परीक्षार्थी के बदले स्कॉलर बिठाने के लिए 25 लाख रुपये वसूलते थे। इनके पास से बिहार के कई जिलों के परीक्षा केन्द्रों के एडमिट कार्ड मिले हैं। इनके पास से दो लग्जरी वाहन, दो लाख 95 हजार रुपये नकद व अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं। इनके मोबाइल से इस फर्जीवाड़े से संबंधित कई साक्ष्य मिले हैं।
डैशबोर्ड में रखे थे रुपये
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की रात वाहन जांच के दौरान दो वाहन पर सवार लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। जवानों ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में स्कॉर्पियो के डैशबोर्ड के नीचे छिपाकर रखे गये रुपये बरामद किये गये। मुजफ्फरपुर के अवधेश कुमार, पंकज कुमार और मोतिहारी के अमन कुमार सिंह को गिरफ्तार कियो गये। अवधेश पावापुरी मेडिकल कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र है। उसके मोबाइल से कई परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, रुपये के लेनदेन से संबंधित चैट बरामद किये गये हैं। पूछताछ में पता चला कि वह कॉलेज के ही सेकंड ईयर के छात्र उज्जवल उर्फ राजा बाबू के साथ मिलकर यह गिरोह चला रहा था।
आरोपी छात्र एमबीबीएस में तीन बार फेल
पुलिस उसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। उज्जवल 2022 बैच का छात्र है। सूत्रों की मानें तो वह तीन बार फेल हो चुका है।
25 लाख में डॉक्टर बनाने का ठेका
जांच में पता चला कि यह गिरोह 25 लाख रुपये में डॉक्टर बनाने का ठेका लेता था। पांच लाख रुपये एडवांस लेने के बाद सेटिंग कर दूसरे स्कॉलर को बिठाया जाता था। इन स्कॉलर को राजस्थान व अन्य राज्यों से गुप्त रूप से बुलाया जाता था। डीएसपी ने बताया कि इनका काफी बड़ा नेटवर्क है। इनके पास से औरंगाबाद के चार, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर के परीक्षा केन्द्रों का एडमिट कार्ड मिला है। इसके बाद संबंधित परीक्षा केन्द्रों को सूचना दी गयी है। छापेमारी टीम में गिरियक अंचल निरीक्षक सुमंत कुमार, राजगीर सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव कुमार सिंह आदि शामिल थे।




साइन इन