JPSC Sarkari Job Alert 2026: अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में 1277 डॉक्टरों की होगी बहाली; जानें पदों की डिटेल्स
JPSC medical officer vacancy 2026: झारखंड राज्य में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से कुल 1277 चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को अधियाचना भेज दी है।

JPSC Sarkari Job Alert 2026: झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह बदलने और अस्पतालों में विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से कुल 1277 चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को अधियाचना भेज दी है, जिससे अब युवाओं के लिए रोजगार और मरीजों के लिए बेहतर इलाज के द्वार खुलेंगे।
विशेषज्ञ डॉक्टरों के 666 पदों पर होगी सीधी भर्ती
राज्य के विभिन्न अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें 13 अलग-अलग श्रेणियों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इन पदों में 506 पद नियमित नियुक्ति के हैं, जबकि 160 पद बैकलॉग कोटे के हैं। कार्मिक विभाग के उपसचिव ब्रज माधव ने जेपीएससी सचिव को पत्र भेजकर इस बहाली प्रक्रिया को गति देने का निर्देश दिया है।
किस विभाग में कितनी नौकरियां?
रिक्तियों के विवरण पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा जरूरत फिजिशियन और शिशु रोग विशेषज्ञों की है:
फिजिशियन 224
शिशु रोग विशेषज्ञ 224
निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) 57
स्त्री रोग विशेषज्ञ 28
रेडियोलॉजिस्ट 28
सर्जन 24
फोरेंसिक विशेषज्ञ 20
चर्म रोग विशेषज्ञ 13
अस्थि रोग विशेषज्ञ 12
मनोचिकित्सक 11
नेत्र रोग विशेषज्ञ 10
ईएनटी 09
पैथोलॉजिस्ट 04
मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें और शिक्षक
सरकार केवल इलाज ही नहीं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा पर भी ध्यान दे रही है। राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों (रिम्स को छोड़कर) में पठन-पाठन की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 180 असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति की जाएगी। इनमें मेडिसिन, सर्जरी और स्त्री रोग जैसे 24 महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।
इतना ही नहीं, अगले सत्र से राज्य के छह मेडिकल कॉलेजों में यूजी की 220 और पीजी की 211 सीटें बढ़ाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। इन बढ़ी हुई सीटों के लिए शिक्षकों की रिक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है।
सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का विस्तार
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को अब दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी विभागों को संचालित करने के लिए 96 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की बहाली की जाएगी। ये डॉक्टर कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी और ऑन्कोलॉजी (कैंसर) जैसे विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
स्वास्थ्य व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद
इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया में 335 मेडिकल अफसरों की नियुक्ति भी शामिल है। कुल मिलाकर 1277 पदों पर होने वाली यह बहाली झारखंड के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करेगी। कार्मिक विभाग की तत्परता और जेपीएससी को भेजी गई अधियाचना से यह स्पष्ट है कि सरकार आने वाले कुछ महीनों में इन नियुक्तियों को पूरा कर लेना चाहती है।




साइन इन