IIT CSE Seats 2026: किस IIT में बढ़ीं कंप्यूटर साइंस की सबसे ज्यादा सीटें, कहां लें बीटेक एडमिशन
JoSAA IIT Seat Matrix 2026 CSE: अगर आप भी आईआईटी से कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) करने का सपना देख रहे हैं तो अभी जान लीजिए सबसे ज्यादा कम्प्यूटर साइंस की सीटें किस IIT में हैं और अपनी चॉइस ध्यान से भरें।

IIT BTech CSE Seat Matrix 2026: जेईई एडवांस्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों (IITs) में एडमिशन के लिए जोसा (JoSAA) काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस साल देश के सभी 23 आईआईटी में बीटेक एडमिशन लेने जा रहे छात्रों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। जोसा द्वारा जारी आधिकारिक सीट मैट्रिक्स के अनुसार, इस बार सबसे पॉपुलर और डिमांड वाली ब्रांच 'कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग' (CSE) की सीटों में बढ़ोतरी की गई है।
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि इस साल आईआईटी में कंप्यूटर साइंस की कुल सीटें 2,129 से बढ़कर 2,183 हो गई हैं, यानी कुल 54 सीटों का इजाफा हुआ है। लेकिन छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि देश के किस आईआईटी में कंप्यूटर साइंस की सबसे ज्यादा सीटें हैं?
IIT बॉम्बे में हैं कंप्यूटर साइंस की सर्वाधिक सीटें
जोसा के आधिकारिक सीट मैट्रिक्स डेटा से साफ है कि देश के पुराने और टॉप संस्थानों में शामिल आईआईटी बॉम्बे कंप्यूटर साइंस (CSE) की सीटों के मामले में सबसे आगे है। आईआईटी बॉम्बे में इस बार कंप्यूटर साइंस (CSE) की सर्वाधिक सीटें उपलब्ध हैं। यहां ओपन कैटेगरी के लिए ही अकेले 76 सीटें तय की गई हैं। इसके अलावा ओबीसी-एनसीएल के लिए 52, एससी के लिए 29, ईडब्ल्यूएस के लिए 19 और एसटी कैटेगरी के लिए 14 सीटें आवंटित हैं। फीमेल सुपरन्यूमरेरी (महिला अतिरिक्त सीटें) के तहत यहां 40 सीटें आरक्षित हैं।
सीठों की संख्या के मामले में आईआईटी बॉम्बे के बाद आईआईटी-बीएचयू (वाराणसी) और आईआईटी (ISM) धनबाद का नंबर आता है। आईआईटी-बीएचयू में ओपन कैटेगरी के लिए 60 सीटें और आईआईटी धनबाद में 56 सीटें सिर्फ कंप्यूटर साइंस ब्रांच के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। इनके बाद आईआईटी खड़गपुर में 53 ओपन सीटें और आईआईटी कानपुर में 49 ओपन सीटें का स्थान आता है।
इस साल किस IIT में कितनी बढ़ीं सीएस की सीटें?
जोसा के डेटा के मुताबिक, जो 54 नई सीटें जोड़ी गई हैं, उनका फायदा कुछ विशिष्ट संस्थानों को मिला है। इस साल सबसे ज्यादा सीटों की बढ़ोतरी आईआईटी मंडी और आईआईटी जोधपुर में देखी गई है, जहां कंप्यूटर साइंस ब्रांच में 10-10 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा आईआईटी (ISM) धनबाद में कंप्यूटर साइंस विभाग में इस सत्र से 6 नई सीटों का इजाफा हुआ है।
दक्षिण भारत के उभरते हुए टॉप संस्थान आईआईटी हैदराबाद में इस साल सीएस की 5 सीटें बढ़ाई गई हैं। वहीं आईआईटी भुवनेश्वर में 2 सीटें और सबसे प्रमुख आईआईटी बॉम्बे में भी इस बार 1 नई सीट जोड़ी गई है।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोसा काउंसलिंग के शुरुआती पहले और दूसरे राउंड में ही देश के लगभग सभी आईआईटी की सीएस सीटें पूरी तरह भर जाती हैं। बाद के राउंड में इन सीटों के कटऑफ में बहुत मामूली बदलाव ही देखने को मिलता है। चॉइस फिलिंग करते समय छात्रों को केवल ओपन कैटेगरी की सीटों को नहीं, बल्कि अपनी कैटेगरी वाइस सीटों और महिला अतिरिक्त सीटों के मैट्रिक्स को ध्यान में रखकर ही अपनी प्राथमिकताओं को लॉक करना चाहिए।




साइन इन