JEE Main : जेईई मेन में क्या एग्जाम सिटी चुनने का ऑप्शन नहीं मिलेगा, NTA ने दूर की सारी कंफ्यूजन
JEE Main 2026 : एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड अपडेट करने संबंधी उसकी लेटेस्ट एडवाइजरी का जेईई मेन 2026 के सिटी अलॉटमेंट से किसी भी तरह का कोई लेना देना नहीं है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने उन खबरों पर स्पष्टीकरण दिया है जिनमें यह कहा जा रहा था अब जेईई मेन में एग्जाम सिटी चुनने का मौका नहीं मिलेगा क्योंकि आधार कार्ड में दिए गए पते के आधार पर एग्जाम सेंटर व सिटी अलॉट होंगे। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड अपडेट करने संबंधी उसकी लेटेस्ट एडवाइजरी का जेईई मेन 2026 के सिटी अलॉटमेंट से किसी भी तरह का कोई लेना देना नहीं है। एनटीए की यह सफाई कई मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किए जाने के बाद आई है कि उम्मीदवारों को जेईई, नीट और सीयूईटी 2026 प्रवेश परीक्षाओं के लिए परीक्षा शहर चुनने का विकल्प नहीं दिया जाएगा और उन्हें आधार कार्ड के पते के आधार पर एग्जाम सिटी अलॉट होगी
ताजा अपडेट में एनटीए ने कहा कि कुछ उम्मीदवारों को अपने आधार कार्ड, कक्षा 10 के प्रमाण पत्र और अन्य सहायक दस्तावेजों में दी गई डिटेल्स में अंतर के कारण ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय समस्याओं का सामना करना पड़ा। एनटीए ने स्पष्ट किया, "उम्मीदवारों की सुविधा के लिए, एनटीए ने 29 सितंबर 2025 को एक सार्वजनिक सूचना जारी की थी जिसमें छात्रों को आवेदन शुरू होने से पहले ही अपने प्रमुख पहचान दस्तावेज0 जैसे आधार, यूडीआईडी कार्ड और श्रेणी प्रमाण पत्र अपडेट और सत्यापित करने की सलाह दी गई थी। यह सार्वजनिक सूचना किसी भी तरह से शहर/केंद्र आवंटन से संबंधित नहीं है।'
एनटीए इसी महीने आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जेईई मेन 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक एक्टिव कर देगा। एनटीए जेईई मेन 2026 का आयोजन दो सत्रों - जनवरी और अप्रैल में करेगा। एनटीए जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जेईई मेन 2026 रजिस्ट्रेशन और परीक्षा तिथियों की घोषणा करेगा।
जेईई मेन पेपर-1 अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग प्रोग्राम जैसे एनआईटी, आईआईआईटी में बीई, बीटेक और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों (सीएफटीआई) में बीटेक/बीई प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है। जबकि जेईई मेन का पेपर दो देश में बी आर्क और बी प्लानिंग कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है।




साइन इन