JEE Advanced 2026 results: जेईई एडवांस्ड 2026 टॉपर AIR 1, 2 और 3 ने बताया बिना टेंशन कैसे क्रैक करें IIT
JEE Advanced 2026 results: आइए जानते हैं देश के जेईई एडवांस्ड 2026 टॉप रैंकर्स की अनसुनी कहानियां और उनकी जादुई सक्सेस स्ट्रेटेजी, जो हर एक छात्र के लिए प्रेरणादायक है।

JEE Advanced 2026 Toppers: देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों यानी आईआईटी (IIT) में दाखिले की खिड़की खोलने वाली 'जेईई एडवांस्ड 2026' (JEE Advanced 2026) का रिजल्ट घोषित हो चुका हैं। आइए जानते हैं देश के इन टॉप रैंकर्स की अनसुनी कहानियां और उनकी जादुई सक्सेस स्ट्रेटेजी, जो हर एक छात्र के लिए प्रेरणादायक है:
AIR 1: शुभम कुमार (स्कोर: 330/360) – "दीदी को देखकर सीखा पढ़ने का तरीका"
बिहार के गया के रहने वाले शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR 1) का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले शुभम ने जेईई मेन (JEE Main 2026) में भी परफेक्ट 100 परसेंटाइल स्कोर किया था। शुभम के पिता का हार्डवेयर व्यवसाय और मां गृहिणी हैं, एक सामान्य परिवार से आने वाले शुभम का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे उनके शिक्षकों का भरोसा और परिवार का त्याग है। शुभम ने पुरानी रूढ़ियों को तोड़ते हुए कहा, "कोई भी इंसान दिन में 18 घंटे नहीं पढ़ सकता। मैंने रोज केवल 6 से 8 घंटे की सेल्फ-स्टडी की। मेरी बड़ी बहन जो आईआईटी पटना से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही हैं, उन्हें देखकर मुझे IIT में जाने की प्रेरणा मिली। मैंने नोट्स बनाना और मॉड्यूल हल करना उन्हीं से सीखा।" शुभम अब आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहते हैं।
AIR 2: कबीर छिल्लर (स्कोर: 329/360) – "पढ़ाई के घंटों पर नहीं, क्वालिटी पर ध्यान दें"
हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की है, जो टॉपर से केवल 1 नंबर पीछे रहे। कबीर ने भी जेईई मेन में 300 में से 300 का फुल स्कोर कर AIR 1 हासिल किया था। कबीर के पिता स्वयं एक आईआईटीयन हैं और मां शिक्षिका हैं। कबीर का मानना है कि टॉपर्स के बारे में यह गलत धारणा बनी हुई है कि वे दिन-रात केवल पढ़ते हैं और कुछ नहीं करते। कबीर ने कहा, "मैंने कभी ऐसा नहीं किया। मेरा पूरा ध्यान केवल कॉन्सेप्ट्स को गहराई से समझने पर था, रटने पर नहीं। मैं मॉक टेस्ट देने के बाद अपनी हर गलती का बारीक विश्लेषण करता था, जिससे मेरी टाइम मैनेजमेंट और एक्यूरेसी सुधरी।" वह पढ़ाई के दौरान मानसिक रूप से तरोताजा रहने के लिए दोस्तों के साथ भी समय बिताते थे।
AIR 3 : जतिन चाहर का कमाल
राजस्थान के झुंझुनू जिले के गोठ गांव के जतिन चाहर ने जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक 3 (AIR 3) हासिल की है। जतिन की यह शानदार सफलता किसी आखिरी समय की हड़बड़ाहट नहीं, बल्कि कई सालों की लगातार कड़ी मेहनत और निरंतरता का परिणाम है। जतिन का मानना है कि छात्रों को हमेशा अनुशासित रहना चाहिए, रोज पढ़ा हुआ रिवीजन करना चाहिए। उनका कहना है कि हर दिन किया गया छोटा-छोटा सुधार ही अंत में अच्छा परिणाम देता है।
AIR 77: फीमेल टॉपर आरोही देशपांडे
महिलाओं की श्रेणी में आरोही देशपांडे ने 360 में से 280 अंक लाकर शानदार सफलता पाई है। आरोही ने कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वां स्थान पाकर देश भर की लड़कियों में पहला स्थान हासिल किया है। आरोही ने भी कम सोने या अत्यधिक तनाव लेने की रणनीति को पूरी तरह खारिज करते हुए व्यवस्थित नोट्स और कलर-कोडिंग तकनीकों (विशेषकर केमिस्ट्री के लिए) को अपनी सफलता की मुख्य वजह बताया।




साइन इन