JEE Advanced 2026 की रिस्पॉन्स शीट जारी, jeeadv.ac.in पर अब ऐसे जांचें अपने जवाब
jee advanced 2026 response sheet released : आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 की रिस्पॉन्स शीट जारी कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने दर्ज जवाब देख सकते हैं। 25 मई को अस्थायी उत्तर कुंजी जारी होगी।

jee advanced 2026 response sheet released : देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में गिनी जाने वाली जेईई एडवांस्ड 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। आईआईटी रुड़की ने 21 मई 2026 को अभ्यर्थियों की रिस्पॉन्स शीट जारी कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शाम 5 बजे के बाद छात्रों को अभ्यर्थी पोर्टल पर अपनी रिस्पॉन्स शीट दिखाई देने लगी। इस रिस्पॉन्स शीट में परीक्षा के दौरान पेपर 1 और पेपर 2 में छात्रों द्वारा चुने गए जवाब दर्ज हैं। इसकी मदद से छात्र अब अपने उत्तरों का मिलान करके संभावित अंकों का अंदाजा लगा सकेंगे।
आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं दर्ज जवाब
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट [जेईई एडवांस्ड आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपनी रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पंजीकरण संख्या, जन्मतिथि और अन्य प्रवेश विवरण भरने होंगे। हालांकि खबर लिखे जाने तक वेबसाइट पर अलग से कोई सूचना दिखाई नहीं दी, लेकिन कई छात्रों ने पोर्टल पर रिस्पॉन्स शीट उपलब्ध होने की जानकारी दी है।
पहले ही जारी हो चुके हैं प्रश्न पत्र
आईआईटी रुड़की परीक्षा खत्म होने के कुछ समय बाद ही दोनों प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी भाषा में जारी कर चुका था। अब रिस्पॉन्स शीट आने के बाद छात्रों को उत्तर कुंजी का इंतजार है। अधिकतर छात्र रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी की मदद से अपने अंक निकालने की कोशिश करते हैं ताकि परिणाम आने से पहले आईआईटी में दाखिले की संभावना समझ सकें।
25 मई को जारी होगी अस्थायी आंसर की
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार जेईई एडवांस्ड 2026 की अस्थायी आंसर की 25 मई को सुबह 10 बजे जारी की जाएगी। इसके बाद छात्र अपने दर्ज जवाबों का मिलान करके संभावित अंक निकाल सकेंगे। अगर किसी छात्र को उत्तर कुंजी में गलती दिखाई देती है तो वह आपत्ति भी दर्ज करा सकेगा। अभ्यर्थियों को 25 मई से 26 मई शाम 5 बजे तक सुझाव और आपत्तियां भेजने का मौका मिलेगा।
1 जून को आएगा अंतिम परिणाम
सभी आपत्तियों की जांच के बाद आईआईटी रुड़की अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा। इसी के साथ 1 जून 2026 को सुबह 10 बजे जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए आईआईटी दाखिला और जोसा परामर्श प्रक्रिया शुरू होगी। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा के जरिए देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में दाखिले का सपना देखते हैं।
ऐसे डाउनलोड करें जेईई एडवांस्ड 2026 की रिस्पॉन्स शीट
- आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाएं
- “जेईई एडवांस्ड 2026 रिस्पॉन्स शीट” लिंक पर दबाएं
- पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि भरें
- जरूरी विवरण जमा करें
- स्क्रीन पर रिस्पॉन्स शीट दिखाई देगी
- इसे डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें
संभावित रैंक समझने में मिलेगी मदद
रिस्पॉन्स शीट जारी होने के बाद अब छात्रों की नजर अस्थायी उत्तर कुंजी पर टिकी हुई है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सही तरीके से जवाबों का मिलान करने पर छात्र अपनी संभावित रैंक और आईआईटी में दाखिले की स्थिति का शुरुआती अनुमान लगा सकते हैं।




साइन इन