JEE Advanced 2026 कल, ये गलती की तो सेंटर के बाहर ही रुक जाएंगे छात्र
JEE Advanced 2026 परीक्षा 17 मई को दो शिफ्ट में आयोजित होगी। आइए जानते हैं परीक्षा के दौरान कौन सी वस्तुएं ले जा सकते हैं और किन चीजों की मनाही है।
देशभर में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए कल का दिन बेहद अहम होने वाला है। JEE Advanced 2026 की परीक्षा रविवार 17 मई को आयोजित की जाएगी और इस बार भी परीक्षा को लेकर सुरक्षा और नियम काफी सख्त रखे गए हैं। कई छात्र सिर्फ पढ़ाई पर फोकस करते हैं, लेकिन हर साल बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी भी होते हैं जिन्हें छोटी-छोटी लापरवाहियों की वजह से परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में IIT रुड़की ने परीक्षा से पहले साफ कर दिया है कि बिना जरूरी दस्तावेज और तय नियमों के किसी को भी एग्जाम हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी।
परीक्षा दो शिफ्ट में होगी
इस साल JEE Advanced 2026 का आयोजन दो पेपर में किया जाएगा। पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। वहीं दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा। दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को एक घंटे का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा और छात्र परीक्षा के दौरान भाषा बदल भी सकेंगे। मार्किंग स्कीम के मुताबिक सही जवाब पर 4 अंक मिलेंगे जबकि गलत उत्तर देने पर 1 अंक काटा जाएगा।
एडमिट कार्ड के बिना नहीं मिलेगी एंट्री
IIT रुड़की ने साफ निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए प्रिंटेड एडमिट कार्ड जरूरी होगा। सिर्फ मोबाइल में डाउनलोड किया हुआ एडमिट कार्ड मान्य नहीं माना जाएगा। एडमिट कार्ड में छात्र का नाम, रोल नंबर, फोटो, सिग्नेचर, परीक्षा केंद्र का पता और रिपोर्टिंग टाइम जैसी अहम जानकारी दी गई है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट से 17 मई 2026 दोपहर 2:30 बजे तक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्र पर क्या-क्या ले जाना जरूरी है
IIT रुड़की ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सेंटर पर समय से पहले पहुंचें ताकि फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच में दिक्कत न हो। परीक्षा हॉल के अंदर सिर्फ कुछ जरूरी सामान ही ले जाने की अनुमति होगी। छात्र अपने साथ ये चीजें ले जा सकते हैं -
- JEE Advanced 2026 का प्रिंटेड एडमिट कार्ड
- ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- पेन और पेंसिल
- पारदर्शी पानी की बोतल
इन सामानों पर पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई निजी सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अगर किसी छात्र के पास ये सामान मिला तो उसे एग्जाम हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रतिबंधित सामानों में शामिल हैं -
- मोबाइल फोन
- स्मार्ट वॉच और घड़ी
- ब्लूटूथ डिवाइस
- ईयरफोन और माइक्रोफोन
- कैलकुलेटर
- इलेक्ट्रॉनिक पेन
- पेन ड्राइव
- स्कैनर
- कैमरा
- वॉलेट और हैंडबैग
- लिखे हुए नोट्स या कागज
- ज्योमेट्री बॉक्स
- स्केल और रबर
- पेंसिल बॉक्स और पाउच
ड्रेस कोड को लेकर भी सख्ती
इस बार ड्रेस कोड को लेकर भी IIT रुड़की ने खास निर्देश जारी किए हैं। छात्रों को किसी भी तरह के धातु वाले आभूषण पहनकर आने से मना किया गया है। इसमें अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट, कान की बाली, पेंडेंट और बैज जैसी चीजें शामिल हैं।
छात्रों को बड़े बटन वाले कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही बंद जूते की जगह चप्पल या सैंडल पहनकर आने को कहा गया है। परीक्षा केंद्र के अंदर ताबीज या किसी तरह का चार्म पहनने की भी अनुमति नहीं होगी।
दूसरे शहर में परीक्षा देने वालों के लिए अहम सलाह
कई छात्र ऐसे हैं जिनका परीक्षा केंद्र उनके गृह शहर से बाहर पड़ा है। ऐसे छात्रों को यात्रा और सेंटर पहुंचने की योजना पहले से बनाकर रखने की सलाह दी गई है। IIT रुड़की ने कहा है कि रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा केंद्र की जानकारी एडमिट कार्ड में ध्यान से जांच लें ताकि आखिरी समय में परेशानी न हो।




साइन इन