अमेरिका में 1 करोड़ के पैकेज से हो जाएगी जिंदगी सेट? क्या है सच्चाई, VIDEO वायरल
क्या वास्तव में अमेरिका में 1 करोड़ रुपये की सैलरी आरामदायक और बेफिक्र जिंदगी की गारंटी देती है? हाल ही में न्यूयॉर्क में रहने वाले भारतीय पेशेवर यश शर्मा ने एक वायरल वीडियो के जरिए इस धारणा की रियलिटी सामने रखी है।

अगर किसी भारतीय को अमेरिका में 1 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज मिल जाए, तो आमतौर पर माना जाता है कि उसकी जिंदगी पूरी तरह सेट हो गई है। लोगों को लगता है कि अब उसके पास शानदार घर होगा, लग्जरी कार होगी और बेहतरीन लाइफस्टाइल होगी। लेकिन क्या वास्तव में अमेरिका में 1 करोड़ रुपये की सैलरी आरामदायक और बेफिक्र जिंदगी की गारंटी देती है? हाल ही में न्यूयॉर्क में रहने वाले भारतीय पेशेवर यश शर्मा ने एक वायरल वीडियो के जरिए इस धारणा की रियलिटी सामने रखी है। उन्होंने बताया कि हाई सैलरी के बावजूद अमेरिका में रहने और रोजमर्रा के खर्चों के कारण आर्थिक स्थिति उतनी आसान नहीं होती, जितनी भारत में बैठे लोग अक्सर समझते हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और इसने अमेरिका में कमाई बनाम खर्च को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है वीडियो
यश शर्मा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में यश शर्मा ने बताया कि न्यूयॉर्क जैसी महंगी जगह पर ऊंची सैलरी होने के बावजूद वास्तविक बचत उतनी नहीं हो पाती, जितनी लोग अक्सर सोचते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके एक रिश्तेदार के बेटे को न्यूयॉर्क में 1 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज मिला है, लेकिन इसकी असली तस्वीर कुछ और ही है।
कई तरह के टैक्स देने होते हैं
यश के मुताबिक, अमेरिका में कर्मचारियों को संघीय कर (Federal Tax), राज्य कर (State Tax), न्यूयॉर्क सिटी टैक्स, सोशल सिक्योरिटी और मेडिकेयर जैसे कई प्रकार के टैक्स देने पड़ते हैं। ऐसे में 1 करोड़ रुपये के पैकेज का करीब 35 से 40 प्रतिशत हिस्सा केवल टैक्स में ही कट जाता है। इसके बाद न्यूयॉर्क में मकान का किराया और अन्य रहने-खाने के खर्च भी काफी अधिक होते हैं, जो आय का बड़ा हिस्सा अपने साथ ले जाते हैं। यही वजह है कि बड़ी सैलरी के बावजूद बचत उतना आसान नहीं होता, जितना बाहर से दिखाई देता है।
घर है बहुत महंगा
यश शर्मा ने अपने वीडियो में बताया कि अगर आप न्यूयॉर्क में रहना चाहते हैं, तो आपको किराए का घर लेना पड़ेगा और यहां किसी भी अच्छे इलाके में घर का किराया 2 से 3 लाख रुपये प्रति महीने हो सकता है। इसलिए मेरे हिसाब से भारत में 25 से 30 लाख रुपये कमाने वाला शख्स न्यूयॉर्क में 1 करोड़ रुपये के पैकेज वाले व्यक्ति से ज्यादा खुश है।
वीडियो कैप्शन ने खींचा ध्यान
यश शर्मा ने इस वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया गया था, "न्यूयॉर्क (अमेरिका) में 1 करोड़ रुपये के पैकेज का काला सच।" जिसकी वजह से सबका ध्यान खींच गया।
कई तरह की आईं प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट कर रहे हैं। इस बीच एक यूजर ने लिखा कि भारत पश्चिमी देशों से कहीं बेहतर है क्योंकि यहां PPP सिस्टम लागू है। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि बढ़ियां, इसी तरह इस धारणा को तोड़ते रहो। अब लोग सोच रहे हैं कि अच्छे करियर और सैलरी की होड़ में कहीं हम कोई गलत कदम तो नहीं उठा रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'न्यूयॉर्क सबसे महंगे शहरों में से एक है, इसलिए यह बात पूरे अमेरिका के लिए सच नहीं है।' किसी और ने कहा, 'भारत में लोग सिर्फ पैकेज के बारे में सुनते हैं, खर्चों के बारे में नहीं।' एक और यूजर ने आगे कहा, ‘भारत में 25 लाख रुपये में शहर के हिसाब से कहीं ज्यादा आरामदायक जीवनशैली मिल सकती है।’




साइन इन