India Post GDS तीसरी मेरिट लिस्ट PDF में ऐसे चेक करें अपना नाम, 28 हजार पदों पर होनी है भर्ती
India Post GDS 3rd Merit List 2026 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए जल्द ही खुशखबरी आने वाली है। 28,000 से ज्यादा पदों के लिए तीसरी लिस्ट जल्द ही indiapostgdsonline.cept.gov.in पर जारी होने वाली है।

India Post GDS 3rd Merit List 2026 : अगर आपने भी इंडिया पोस्ट में ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के पदों के लिए आवेदन किया था और पहली दो मेरिट लिस्ट में आपका नाम नहीं आ पाया है, तो अब मायूस होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। आपके लिए एक बहुत बड़ी और शानदार खबर है। इंडिया पोस्ट डिपार्टमेंट जल्द ही 28,000 से ज्यादा खाली पदों के लिए अपनी तीसरी मेरिट लिस्ट जारी करने की पूरी तैयारी में है। देश भर के लाखों नौजवान इस लिस्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उनका यह इंतजार अब बस खत्म ही होने वाला है।
अब तक 39 हजार उम्मीदवारों हो चुके हैं शॉर्टलिस्ट
आपको बता दें कि इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया के तहत अब तक दो सिलेक्शन लिस्ट जारी की जा चुकी हैं। इन दोनों लिस्ट के आंकड़ों को मिलाकर देखा जाए, तो करीब 39,765 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है। दूसरी मेरिट लिस्ट पिछले महीने 10 अप्रैल 2026 को जारी की गई थी। जिन भी लोगों का नाम उस दूसरी लिस्ट में आया था, उनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का काम 27 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। अब बारी उन कैंडिडेट्स की है जो पहली और दूसरी लिस्ट की कटऑफ में चंद नंबरों से अपनी जगह नहीं बना पाए थे। ऐसे सभी उम्मीदवारों की निगाहें और उम्मीदें अब पूरी तरह से तीसरी मेरिट लिस्ट पर टिकी हुई हैं।
कब तक आ सकती है तीसरी लिस्ट?
अब हर उम्मीदवार के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह लिस्ट कब आएगी? अगर हम इंडिया पोस्ट के पिछले भर्ती साइकिल और उनके काम करने के पैटर्न पर नजर डालें, तो स्थिति काफी साफ हो जाती है। आमतौर पर डाक विभाग पुरानी लिस्ट के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का काम पूरा होने के 10 से 12 दिन के भीतर अगली मेरिट लिस्ट जारी कर देता है। चूंकि दूसरी लिस्ट का वेरिफिकेशन 27 अप्रैल 2026 को खत्म हुआ है, इसलिए पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि तीसरी मेरिट लिस्ट मई के अगले हफ्ते में आ जाएगी। बहुत मुमकिन है कि लिस्ट मई के दूसरे हफ्ते के आसपास ही रिलीज कर दी जाए। हालांकि, विभाग की तरफ से अभी तक कोई पक्की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है, और एकदम सटीक जानकारी तो ऑफिशियल वेबसाइट पर ही देखने को मिलेगी।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए अभी से रहें तैयार
अगर आपको लगता है कि आपके 10वीं कक्षा में अच्छे मार्क्स हैं और तीसरी लिस्ट में आपका नंबर आ सकता है, तो आपको अभी से कमर कस लेनी चाहिए। लिस्ट में नाम आने के बाद उम्मीदवारों को बहुत ज्यादा वक्त नहीं दिया जाता है। आपको तय समय के भीतर अपने अलॉट किए गए डिवीजनल ऑफिस में जाकर अपने सारे कागज चेक कराने होंगे। इसलिए अपना आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, 10वीं की ओरिजिनल मार्कशीट, कंप्यूटर का कोई बेसिक सर्टिफिकेट और अपना जाति प्रमाण पत्र (अगर लागू हो तो) एकदम रेडी रखें। कोई भी कागज कम होने पर आपकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है, इसलिए ऐन मौके की भागदौड़ से बचें।
कैसे करें इंडिया पोस्ट GDS 3rd मेरिट लिस्ट PDF डाउनलोड?
रिजल्ट चेक करना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। लिस्ट आने के बाद अपना नाम कैसे देखना है... इसके लिए बस नीचे दिए गए इन आसान से स्टेप्स को फॉलो करें:
1. सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में इंडिया पोस्ट GDS की आधिकारिक वेबसाइट indiapostgdsonline.cept.gov.in को खोलें।
2. होमपेज पर जाते ही आपको कई सारे ऑप्शन दिखेंगे, वहां आपको "Selection List" या "Shortlisted Candidates" वाले सेक्शन पर क्लिक करना होगा।
3. इसके बाद आपके सामने देश के सभी राज्यों और पोस्टल सर्कल की एक ड्रॉप-डाउन लिस्ट आ जाएगी। आपने जिस राज्य या सर्कल से GDS भर्ती के लिए अप्लाई किया था, उसे सावधानी से चुनें।
4. अपने राज्य पर क्लिक करते ही तीसरी मेरिट लिस्ट की PDF फाइल खुलकर आपकी स्क्रीन पर आ जाएगी। आप चाहें तो इसे अपने फोन में डाउनलोड भी कर सकते हैं।
5. अंत में, डाउनलोड की गई PDF फाइल को खोलें और सर्च बार में अपना नाम या रोल नंबर टाइप करें। अगर आपका नंबर वहां चमक रहा है, तो समझ लीजिए आपका सिलेक्शन हो गया है।




साइन इन