UPSC Exam Tips: नौकरी के साथ UPSC परीक्षा की तैयारी कैसे करें? IFS अधिकारी हिमांशु त्यागी के 5 'गोल्डन टिप्स'
UPSC Exam Tips: यूपीएससी की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी हिमांशु त्यागी ने अपने अनुभव के आधार पर यूपीएससी के लिए पांच कारगर स्टडी टिप्स शेयर किए हैं।

IFS officer Himanshu Tyagi UPSC Tips: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इस परीक्षा के लिए आपको समर्पण, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन चाहिए होता है। कई उम्मीदवार ऐसे होते हैं जो फुल-टाइम नौकरी करते हुए इस परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें समय और तालमेल बिठाने में काफी मुश्किल आती है।
ऐसे ही उम्मीदवारों की मदद के लिए, भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी हिमांशु त्यागी ने अपने अनुभव के आधार पर पांच कारगर स्टडी टिप्स शेयर किए हैं। हिमांशु त्यागी ने साल 2018 में UPSC परीक्षा में सफलता हासिल की थी। उनका मानना है कि सही स्ट्रैटिजी और अनुशासन से नौकरी के साथ-साथ UPSC क्रैक करना बिलकुल संभव है।
IFS अधिकारी हिमांशु त्यागी के 5 असरदार मंत्र
हिमांशु त्यागी ने वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए एक दैनिक और साप्ताहिक रूटीन का सुझाव दिया है, जिसका पालन एक से दो साल तक लगातार करने पर सफलता मिल सकती है।
जल्दी उठें और सुबह पढ़ें :
हिमांशु त्यागी सुझाव देते हैं कि उम्मीदवार को सुबह 3:30 बजे उठना चाहिए और काम पर जाने से पहले चार घंटे पढ़ाई करनी चाहिए। उनका मानना है कि यह समय पढ़ाई के लिए सबसे अच्छा होता है, क्योंकि इस समय दिमाग तरोताजा होता है और माहौल शांत रहता है। इस समय इतिहास, भूगोल, राजनीति, अर्थव्यवस्था और करेंट अफेयर्स जैसे मुख्य विषयों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
काम के बाद रिवीजन :
काम से वापस लौटने के बाद कम से कम आधे घंटे तक पढ़ाई करनी चाहिए। इस समय का उपयोग सुबह पढ़े गए विषयों को रिवीजन करने के लिए किया जा सकता है। आप नोट्स, फ्लैशकार्ड्स या ऑनलाइन क्विज का उपयोग करके कॉन्सेप्ट्स को पक्का कर सकते हैं।
ट्रेवल टाइम का उपयोग :
काम पर आने-जाने में लगने वाले समय का इस्तेमाल भी पढ़ाई के लिए करें। यह ऑप्शनल सब्जेक्ट को पढ़ने का शानदार मौका हो सकता है। इस दौरान ऑडियोबुक, पॉडकास्ट या वीडियो लेक्चर का उपयोग करके टॉपिक और थ्योरी को सीखा जा सकता है।
स्टडी मटेरियल हमेशा पास रखें :
अपने स्टडी मटेरियल को मोबाइल या लैपटॉप पर हमेशा तैयार रखें, ताकि ऑफिस के छोटे ब्रेक्स के दौरान भी आप उसका इस्तेमाल कर सकें। यह समय साइंस और टेक्नोलॉजी, पर्यावरण, नैतिकता या निबंध जैसे विविध विषयों को पढ़ने के लिए अच्छा है। ऑनलाइन सोर्स का उपयोग करके खुद को अपडेट रखें।
वीकेंड को समर्पित करें:
हिमांशु त्यागी ने वीकेंड (शनिवार और रविवार) को 10 घंटे पढ़ाई के लिए समर्पित करने पर जोर दिया है। इस समय का उपयोग मॉक टेस्ट का अभ्यास करने, पिछले साल के प्रश्नपत्र हल करने और उत्तर लिखने पर काम करने के लिए करें। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करके अपनी तैयारी के लेवल को चेक करें और सुधार के लिए फीडबैक लें।
हिमांशु त्यागी का मानना है कि निरंतरता ही सफलता की कुंजी है। उनका सफर यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ, नौकरी और UPSC की तैयारी को संतुलित करना असंभव नहीं है।




साइन इन