DElED BTC: Certificates of those doing UP DElEd along with job or regular course cancelled uttar pradesh DElED BTC : नौकरी या किसी दूसरे रेगुलर कोर्स के साथ डीएलएड करने वालों के प्रमाणपत्र रद्द, Career Hindi News - Hindustan
More

DElED BTC : नौकरी या किसी दूसरे रेगुलर कोर्स के साथ डीएलएड करने वालों के प्रमाणपत्र रद्द

UP DElED BTC Course : नौकरी या रेगुलर कोर्स के साथ एक ही समय में बीटीसी डीएलएड कोर्स करने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए गए हैं। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के मुताबिक यह नियमों के खिलाफ है।

Sat, 29 Nov 2025 05:58 AMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
DElED BTC : नौकरी या किसी दूसरे रेगुलर कोर्स के साथ डीएलएड करने वालों के प्रमाणपत्र रद्द

UP DElED BTC : उत्तर प्रदेश में परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय एलनगंज ने पिछले चार महीनों में छह ऐसे प्रशिक्षुओं के डीएलएड प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए हैं जिन्होंने कहीं नौकरी करते हुए या कोई दूसरा नियमित कोर्स के दौरान डीएलएड भी किया है। फरहत अहमद ने तो बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर का फर्जी जाति प्रमाण पत्र लगाकर बीटीसी प्रशिक्षण कर लिया था। शिकायत सही मिलने पर शामली, मुजफ्फरनगर के निजी बीटीसी कॉलेज की ओर से जारी बीटीसी बैच-2014 का प्रमाणपत्र निरस्त किया गया है।

इसी प्रकार उच्च प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर शिक्षा क्षेत्र कोयलसा, आजमगढ़ में अनुदेशक पद पर कार्यरत रहते हुए सुनील कुमार यादव ने बीटीसी का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। पिछले दिनों सुनील को भी निजी बीटीसी कॉलेज-गाजीपुर की ओर से जारी बीटीसी बैच-2013 का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया। यही नहीं बीटीसी प्रशिक्षण और एलएलबी की शैक्षिक योग्यता साथ-साथ प्राप्त करने के कारण कीर्ति नन्दा को निजी बीटीसी कॉलेज-कासगंज, एटा से जारी बीटीसी बैच-2014 का प्रमाणपत्र निरस्त किया गया है।

परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने नौकरी या पढ़ाई के साथ एक ही समय में बीटीसी/डीएलएड प्रशिक्षण करने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त करने की पुष्टि की है।

केस-1 - बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुजफ्फरनगर में जिला समन्वयक के पद पर कार्यरत रहते हुए अंकुर कुमार ने डीएलएड का प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। इस अनियमितता की शिकायत होने पर परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने मेरठ के निजी बीटीसी कॉलेज से अंकुर कुमार को जारी डीएलएड बैच-2018 का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया।

केस-2 - कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, मीरजापुर में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत रहते हुए सुप्रिया मिश्रा ने बीटीसी का प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया। इसकी शिकायत पुष्ट होने पर चन्दौली के निजी बीटीसी कॉलेज से जारी बीटीसी बैच-2015 का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सहायक अध्यापक भर्ती के आदेश के साथ डीएलएड ट्रेनियों में खींचतान शुरू

केस-3 - कौशाम्बी के ग्राम-समरहटा में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत रहते हुए नूतन शुक्ला ने डीएलएड का प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया। शिकायत मिलने और उसकी पुष्टि होने पर नूतन को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) कौशाम्बी से जारी डीएलएड बैच-2022 का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया है।

टीईटी से छूट के लिए सांसद को दिया ज्ञापन

प्रयागराज। 2011 से पूर्व कार्यरत शिक्षकों को टीईटी से छूट देने और संसद के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को रखने की मांग को लेकर परिषदीय शिक्षकों ने शुक्रवार को सांसद प्रवीण पटेल को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष कामतानाथ ने सांसद से आग्रह किया कि केंद्र सरकार से यह मांग करें कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को भविष्यलक्षि किया जाए और एनसीटीई के प्राविधान में संशोधन हो। जिला महामंत्री राम आसरे सिंह और जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने कहा कि सभी शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से देशभर के लगभग 20 लाख शिक्षकों की सेवा एवं आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है। ज्ञापन देने वालों में मिथिलेश यादव, कृष्ण मणि मिश्रा, राजीव सिंह यादव, भानवेन्द्र सिंह, आदित्य मौर्य, अरुण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।