BTech : देश के नंबर 1 विश्वविद्यालय में बीटेक दाखिला प्रक्रिया बदली, अब JOSAA काउंसलिंग से होगा एडमिशन
IISc के बीटेक कोर्स के लिए दाखिले इस साल से जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA - जोसा) काउंसलिंग के जरिए होगा। इस बदलाव से आईआईएससी का बीटेक एडमिशन प्रोसेस आसान हो जाएगा।

देश के प्रतिष्ठत संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc) के बीटेक कोर्स के लिए दाखिले इस साल से जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA - जोसा) काउंसलिंग के जरिए होगा। स्टूडेंट्स को काउंसलिंग और एडमिशन प्रोसेस में हिस्सा लेने के लिए जोसा 2026 पोर्टल पर रजिस्टर करना होगा। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बेंगलुरु मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग में बीटेक प्रोग्राम ऑफर करता है। अभी तक इस कोर्स में एडमिशन जेईई एडवांस्ड रैंक के आधार पर मिलता है। पिछले साल तक एडमिशन प्रोसेस इंस्टीट्यूट खुद मैनेज करता था, जिसमें जेईई एडवांस्ड स्कोर वाले सभी इच्छुक कैंडिडेट्स को आईआईएससी बेंगलुरु बीटेक एप्लीकेशन फॉर्म भरना होता था और काउंसलिंग/एडमिशन प्रोसेस में हिस्सा लेने के लिए इंस्टीट्यूट में रिपोर्ट करना होता था।
अब संस्थान जोसा काउंसलिंग में हिस्सा लेगा। इस बदलाव से आईआईएससी का बीटेक एडमिशन प्रोसेस आसान हो जाएगा। कैंडिडेट्स को अब josaa.nic.in पोर्टल के ज़रिए जोसा एप्लीकेशन फॉर्म भरना होगा। जोसा 2026 रजिस्ट्रेशन 2 जून से शुरू होगा।
आईआईएससी बेंगलुरु सिर्फ दो अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम ऑफर करता है - मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग में बीटेक और रिसर्च में बीएस। बीटेक में एडमिशन जेईई एडवांस्ड के जरिए होता है, जबकि बीएस प्रोग्राम में एडमिशन आईएटी (आईआईएसईआर एडमिशन टेस्ट) के जरिए होता है।
कब होगी जेईई एडवांस्ड परीक्षा
जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा 17 मई, 2026 को होने वाली है। परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन विदेशी नागरिकों के लिए 6 अप्रैल से शुरू होगा, जबकि भारतीय कैंडिडेट्स के लिए एप्लीकेशन फॉर्म 23 अप्रैल, 2026 से उपलब्ध होंगे। जेईई मेन के टॉप 2.50 लाख कैंडिडेट्स जेईई एडवांस्ड में शामिल हो सकेंगे।
आईआईएससी देश का नंबर 1 विश्वविद्यालय
आपको बता दें कि एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 के मुताबिक आईआईएससी देश का नंबर 1 विश्वविद्यालय है। बीते कई सालों से यह पहले पायदान पर काबिज है। देश के टॉप साइंस इंस्टीट्यूट को विदेशों में प्रसिद्धि प्राप्त है। हाल ही में जारी टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाय सब्जेक्ट 2026 में IISc ने प्रमुख भारतीय संस्थानों में अपनी जगह बनाए रखी है। इस संस्थान को कंप्यूटर साइंस सब्जेक्ट में दुनिया भर में 96वीं रैंक मिली है। NIRF रैंकिंग 2019 से यह संस्थान ओवरऑल कैटेगरी में दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि 2016 में रैंकिंग शुरू होने से लेकर 2018 तक यह टॉप स्थान पर था।




साइन इन