बिहार बीएड परीक्षा: अब 10 कॉलेजों को चुनने का मिलेगा मौका, जुलाई से शुरू होगा नया सत्र
बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारियां तेज हो गईं हैं। मई में परीक्षा होने जा रही है साथ ही 10 कॉलेजों का विकल्प चुनने का मौका मिलेगा।

बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। दो वर्षीय बीएड (B.Ed) प्रवेश परीक्षा को लेकर बिगुल बज चुका है। इस बार भी अभ्यर्थियों को नामांकन के लिए अपनी पसंद के 10 कॉलेजों को चुनने की आजादी मिलेगी। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) को इस परीक्षा के लिए नोडल यूनिवर्सिटी बनाया गया है, जिसने अपनी तैयारियां पूरी रफ्तार से शुरू कर दी हैं।
मई में होगी परीक्षा, 15 दिनों में आएगा रिजल्ट
स्टेट नोडल ऑफिसर प्रो. संजय कुमार ने मंगलवार को अहम जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रवेश परीक्षा मई के महीने में आयोजित की जाएगी। विवि प्रशासन की योजना बेहद सख्त और समयबद्ध है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के मात्र 15 दिनों के भीतर परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जुलाई के पहले हफ्ते से ही बीएड का नया शैक्षणिक सत्र सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
सीटों का गणित और कॉलेज चयन की प्रक्रिया
बिहार में पिछले साल तक कुल 341 बीएड कॉलेजों में 37,300 सीटों पर दाखिले हुए थे। इस साल आंकड़ों में मामूली बढ़ोतरी की उम्मीद है। सभी विश्वविद्यालयों से कॉलेजों और उपलब्ध सीटों का ताजा विवरण मांगा गया है। अकेले बीआरएबीयू के अंतर्गत इस बार 58 कॉलेजों में दाखिला होगा, जो पिछले साल के मुकाबले एक अधिक है। दाखिले की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए तीन मेरिट लिस्ट जारी की जाएंगी। अगर इसके बावजूद सीटें खाली रहती हैं, तो 'ऑन स्पॉट' राउंड के जरिए अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।
छात्राओं को मिलेगी प्राथमिकता
इस बार की चयन प्रक्रिया में छात्राओं की सहूलियत का विशेष ख्याल रखा गया है। शहर के कॉलेजों में नामांकन के दौरान महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, आवेदन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। छात्र हिंदी या अंग्रेजी, अपनी पसंद की किसी भी भाषा में आवेदन कर सकेंगे। एजेंसी के चयन के साथ ही दो से तीन दिनों में पोर्टल खोल दिया जाएगा, जहां से अभ्यर्थी प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड कर पूरी प्रक्रिया को समझ सकते हैं।
3 दिनों में लॉक करनी होगी सीट
सफल अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट जारी होने के तीन दिनों के भीतर अपनी सीट बुक करनी होगी। प्रो. संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि किसी का नाम पहली लिस्ट में नहीं आता है, तो वह दूसरी लिस्ट में कॉलेज बदल सकता है। दूसरी लिस्ट में अभ्यर्थियों को अपने ही जिले के कॉलेज चुनने का विकल्प मिलेगा। पूरी काउंसिलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, ताकि किसी भी स्तर पर धांधली की गुंजाइश न रहे।
परीक्षा का पैटर्न और पारदर्शिता
बीएड प्रवेश परीक्षा कुल 120 अंकों की होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय मिलेगा। छात्र वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे कि किस कॉलेज में कितनी सीटें बची हैं और वहां का कटऑफ क्या जा रहा है। विवि का दावा है कि इस बार पूरी प्रक्रिया में जबरदस्त पारदर्शिता बरती जाएगी।




साइन इन