टाटा की कंपनी बांटेगी डिविडेंड, तिमाही नतीजे के बाद अब ₹525 तक जा सकता है शेयर
टाटा पावर का मुनाफा आठ प्रतिशत बढ़कर 1415.52 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से खर्च में कमी से कंपनी का लाभ बढ़ा है। इस बीच, कंपनी ने निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा देने का भी ऐलान किया है। ब्रोकरेज सिटी ने शेयर के लिए ₹525 का टारगेट प्राइस तय किया है।

निजी क्षेत्र की प्रमुख बिजली कंपनी टाटा पावर ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा बढ़ा है तो आय में गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच, कंपनी ने निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा देने का भी ऐलान किया है। इस कंपनी के शेयर पर एक्सपर्ट बुलिश है और कहा है कि टारगेट प्राइस 500 रुपये के पार जा सकता है।
8 पर्सेंट बढ़ा टाटा पावर का मुनाफा
टाटा पावर का मुनाफा आठ प्रतिशत बढ़कर 1415.52 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से खर्च में कमी से कंपनी का लाभ बढ़ा है। एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में यह 1,306.09 करोड़ रुपये था। वहीं, टाटा पावर की कुल आय 2025-26 की चौथी तिमाही में घटकर 15,455.48 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 17,446.95 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, कंपनी का खर्च घटकर तिमाही में 14,876.50 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में 16,179.77 करोड़ रुपये था। टाटा पावर की कर पूर्व आय मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में एबिटा 10 प्रतिशत बढ़कर 4,216 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 5,117.56 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 4,775.37 करोड़ रुपये था। हालांकि, कुल आय घटकर 64,171.66 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2024-25 में 66,992.17 करोड़ रुपये थी।
डिविडेंड का तोहफा
इसके अलावा, टाटा पावर के निदेशक मंडल ने एक रुपये के अंकित मूल्य के शेयर पर 2.50 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। यदि एनुअल जनरल मीटिंग यानी AGM में सदस्यों द्वारा डिविडेंड को मंजूरी दे दी जाती है, तो इसका भुगतान शुक्रवार, 10 जुलाई को या उसके बाद किया जाएगा। इस बीच, डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड तिथि के तौर पर 23 जून को चुना गया है।
टाटा पावर के शेयर का हाल
सप्ताह के दूसरे दिन टाटा पावर के शेयर बिकवाली मोड में थे। टाटा पावर के शेयर की कीमत 3.38% टूटकर 418.40 रुपये हो गई है। हालांकि, टाटा पावर के शेयर को लेकर एक्सपर्ट बुलिश हैं। टाटा पावर के शेयर के 52 हफ्ते का हाई 464.80 रुपये है। यह भाव पिछले अप्रैल महीने में था। इसके बाद मुनाफावसूली हावी हो गई और शेयर में गिरावट देखी गई। हालांकि, ब्रोकरेज सिटी ने शेयर के लिए ₹525 का टारगेट प्राइस तय किया है। यह शेयर की वर्तमान कीमत से 20% से अधिक की बढ़त को दिखाता है।




साइन इन