गूगल CEO पिचाई को तोहफा, 3 साल में मिलेगी ₹5700 करोड़ सैलरी, चेक करें डिटेल
सुंदर पिचाई साल 2015 में गूगल के CEO बने थे और 2019 में उन्हें उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट का भी सीईओ बना दिया गया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने क्लाउड कंप्यूटिंग, हार्डवेयर डिवाइसेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से विस्तार किया है।

गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचाई के लिए एक नया सैलरी पैकेज मंजूर किया है। यह सैलरी पैकेज तीन साल के लिए 692 मिलियन डॉलर (करीब 5700 करोड़ रुपये) का है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस पैकेज का एक बड़ा हिस्सा परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स (पीएसयू) से जुड़ा है। यह 126 मिलियन डॉलर का है। इन्हें दो बराबर भागों में बांटा गया है और अंतिम भुगतान एसएंडपी 100 इंडेक्स में शामिल कंपनियों के सापेक्ष अल्फाबेट के प्रदर्शन से जुड़ा है। इसका मतलब है कि सुंदर पिचाई की वास्तविक कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि आने वाले वर्षों में अल्फाबेट का प्रदर्शन कैसा रहता है और उसके शेयरों की कीमत कितनी बढ़ती है।
दोगुना हो जाएगा परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स भुगतान
यदि अल्फाबेट अपने प्रतिस्पर्धियों से काफी बेहतर प्रदर्शन करता है तो परफॉर्मेंस स्टॉक यूनिट्स भुगतान दोगुना बढ़कर 252 मिलियन डॉलर हो सकता है जबकि कमजोर प्रदर्शन होने पर यह शून्य हो सकता है। पिचाई को इसी तीन साल की अवधि में 84 मिलियन डॉलर के प्रतिबंधित स्टॉक भी मिलेंगे। जब तक पिचाई कंपनी में बने रहेंगे, ये शेयर मासिक रूप से वेस्ट होते रहेंगे। उनका वार्षिक वेतन 2 मिलियन डॉलर ही रहेगा। इस पैकेज की तुलना सोशल मीडिया पर एलन मस्क को टेस्ला से मिले बड़े वेतन पैकेज से भी की जा रही है।
बड़े बदलावों के दौर में नेतृत्व
बता दें कि सुंदर पिचाई साल 2015 में गूगल के CEO बने थे और 2019 में उन्हें उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट का भी सीईओ बना दिया गया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने क्लाउड कंप्यूटिंग, हार्डवेयर डिवाइसेज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से विस्तार किया है। वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक कंपनियों की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक बन चुका है।
गूगल अपने सर्च प्लेटफॉर्म, ऑफिस टूल्स और अन्य सेवाओं में नए AI फीचर्स जोड़ने के साथ-साथ कई एडवांस AI टूल भी विकसित कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच मजबूत नेतृत्व बेहद जरूरी है। यही वजह है कि कंपनियां अपने शीर्ष अधिकारियों को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए बड़े पैकेज ऑफर करती हैं।
मुनाफे में उछाल
अल्फाबेट ने चौथी तिमाही में अपने मुनाफे में सालाना आधार पर 30% की वृद्धि दर्ज की, जो कि 34.5 अरब डॉलर या प्रति शेयर 2.82 डॉलर रहा। वहीं, राजस्व में 18% की वृद्धि होकर 113.8 अरब डॉलर हो गया। अगस्त 2015 में सुंदर पिचाई के सीईओ बनने के बाद से, अल्फाबेट का बाजार मूल्य 535 अरब डॉलर से बढ़कर लगभग 3.6 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। जनवरी में यह संक्षेप में 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गया था।




साइन इन