Stock Market Today: युद्ध और महंगे तेल के बावजूद बाजार में जोरदार तेजी, निवेशकों की संपत्ति ₹8 लाख करोड़ बढ़ी
Stock Market Today: युद्ध और महंगे तेल के बीच भी Sensex-Nifty में जबरदस्त तेजी। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 2,350 अंक से ज्यादा चढ़ा निफ्टी करीब 700 अंक उछला है। 3 दिन में निवेशकों की संपत्ति ₹8 लाख करोड़ बढ़ी, जानिए वजह।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव, महंगे कच्चे तेल और कमजोर रुपये के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स 1% से ज्यादा उछले और बाजार में खरीदारी का माहौल बना रहा। आज सेंसेक्स 850 अंकों से ज्यादा चढ़कर 76,900 के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी 23,800 के पार निकल गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी 2% तक की तेजी दर्ज की गई।
3 दिन में निवेशकों की संपत्ति 8 लाख करोड़ बढ़ी है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में बाजार लगातार तेजी पर है। सेंसेक्स 2,350 अंक से ज्यादा चढ़ा और निफ्टी करीब 700 अंक उछला है। BSE कंपनियों का मार्केट कैप ₹430 लाख करोड़ से बढ़कर ₹438 लाख करोड़ के पार हो गया। यानी सिर्फ 3 दिनों में निवेशकों की संपत्ति करीब ₹8 लाख करोड़ बढ़ गई
क्यों बढ़ रहा है शेयर बाजार? जानिए 5 बड़ी वजह
1. शॉर्ट कवरिंग से बाजार को सहारा
हाल की गिरावट के बाद निवेशक अब सस्ते हुए शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं। खासकर ब्लूचिप और मजबूत फंडामेंटल वाले स्टॉक्स में तेजी देखी जा रही है।
2. युद्ध खत्म होने की उम्मीद
मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द खत्म हो सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की खबरों ने बाजार का भरोसा बढ़ाया है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड के मुताबिक शॉर्ट कवरिंग हो रही है। बाजार ईरान की ओर अधिक देख रहा है और वहां क्या हो रहा है। यह धारणा बढ़ रही है कि शायद यह और अगला सप्ताह इस युद्ध का आखिरी हिस्सा हो सकता है।
3. ऊर्जा सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद
रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत सरकार ईरान से आने वाले तेल और LPG सप्लाई को लेकर बातचीत कर रही है। इससे बाजार को राहत की उम्मीद मिली है।
4. युद्ध शुरू होने के बाद 45 प्रतिशत महंगा हुआ कच्चा तेल
भले ही ब्रेंट क्रूड की कीमतों में हाल में करीब 3% की गिरावट आई है, लेकिन यह अभी भी बहुत महंगा है और 100 डॉलर के आसपास है। हालांकि, कच्चे तेल में आई यह थोड़ी सी नरमी से भी महंगाई और अर्थव्यवस्था पर दबाव कम होने की उम्मीद बढ़ी है। कच्चा तेल युद्ध के बाद करीब 45 प्रतिशत महंगा हुआ है।
5. टेक्निकल संकेत भी मजबूत
निफ्टी ने 23,800 का स्तर फिर हासिल कर लिया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में निफ्टी 24,000–24,100 के स्तर तक जा सकता है।
आगे क्या रहेगा बाजार का रुख?
विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी के लिए 24,000–24,150 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस हो सकता है। जबकि, 23,000–22,900 का स्तर सपोर्ट बना रहेगा। अगर बाजार इस सपोर्ट के ऊपर बना रहता है, तो तेजी जारी रह सकती है।
कुल मिलाकर, वैश्विक तनाव और महंगे तेल के बावजूद भारतीय शेयर बाजार की मजबूती निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत है। शॉर्ट कवरिंग, युद्ध खत्म होने की उम्मीद और तेल कीमतों में नरमी ने बाजार को सहारा दिया है। आने वाले दिनों में भी बाजार का रुख इन्हीं फैक्टर्स पर निर्भर करेगा।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन