Stock Market Today: शेयर मार्केट क्रैश, सेंसेक्स 1312 अंक लुढ़का, निफ्टी में भारी गिरावट
Stock Market Today 11 May: शेयर बाजार में आज गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी 1-1 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गए। जिसकी वजह से निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है।

Stock Market Closing Today: शेयर बाजार में आज भारी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी 1-1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स आज सोमवार को 1.70 प्रतिशत या फिर 1312 अंक की गिरावट के साथ 76015.28 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 1.49 प्रतिशत या फिर 360.30 अंक की गिरावट के बाद 23815.85 अंक पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स में आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन को 30 में से 25 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सनफार्मा, हिदुस्तान यूनिलीवर, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस के शेयरों में तेजी दर्ज की गई है। दूसरी तरफ टाइटन के शेयरों का सबसे अधिक खराब स्थिति रही। टाटा ग्रुप का यह स्टॉक 7 प्रतिशत लुढ़क गया है।
Stock Market Today live 11 May 1:10 PM: शेयर मार्केट में भूचाल के बीच टाइटन के शेयर क्रैश को गए हैं। इनमें 6.48 प्रतिशत की गिरावट है। इंडिगो में 4.63 प्रतिशत और स्टेट बैंक में 3.88 प्रतिशत का नुकसान है। गिरावट की इस आंधी में एयरटेल के पांव भी उखड़ गए हैं। यह टेलीकॉम स्टॉक 3.59 प्रतिशत लुढ़क गया है। जबकि, जोमैटो की मूल कंपनी इटरनल का शेयर 3.88 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहा है।
Stock Market Today live 11 May 12:15 PM: शेयर मार्केट में भारी गिरावट के बीच निफ्टी कंज्युमर ड्यूराबेल्स इंडेक्स 3 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.44 पर्सेंट की गिरावट है। निफ्टी रियल्टी में 2.26 प्रतिशत और ऑटो में 1.52 प्रतिशत का नुकसान है। बैंक निफ्टी भी 0.89 प्रतिशत लुढ़का है।
Stock Market Today live 11 May 10:20 AM: सेंसेक्स लगभग 1,100 अंक या 1% से अधिक गिरकर 76,166 के इंट्राडे निचले स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 1% से अधिक गिरकर 23,845 के दिन के निचले स्तर पर आ गया। दस दौरान बीएसई 150 मिडकैप और 250 स्मॉलकैप सूचकांकों में भी एक फीसदी तक की गिरावट आई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले सत्र के ₹473.5 लाख करोड़ से घटकर लगभग ₹468 लाख करोड़ हो गया, जिससे निवेशक ₹5 लाख करोड़ से अधिक डूब गए।
Stock Market Today live 11 May 10:05 AM: सेंसेक्स 1000 अंकों से अधिक का गोता लगाकर 76312 पर आ गया है। जबकि, निफ्टी 280 अंक नीचे 23895 पर है। एनएसई पर केवल 692 स्टॉक्स ही हरे निशान पर हैं। जबकि, 2297 नुकसान के साथ कारोबार कर रहे हैं।
Stock Market Today live 11 May 9:30 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साल तक सोना नहीं खबरीदने की अपील का असर गोल्ड ज्वेलरी बेचने वाली कंपनियों के शेयरों पर दिख रहा है। आज टाइटन कंपनी, कल्याण ज्वैलर्स, सेंको गोल्ड, स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स सहित अन्य ज्वैलरी स्टॉक्स 12% तक लुढ़क गए।
Stock Market Today live 11 May 9:20 AM: सेंसेक्स 900 अंकों की भारी गिरावट के साथ 76427 पर आ गया है। जबकि, निफ्टी 261 अंक नीचे 23914 पर है। सेंसेक्स में गिरने वाले शेयरों की संख्या 29 है, जबकि केवल एक स्टॉक हरे रंग पर है।
Stock Market Today live 11 May 9:15 AM: शेयर मार्केट की शुरुआत आज सप्ताह के पहले दिन ही बड़ी गिरावट के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 690 अंकों की भारी गिरावट के साथ 76638 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने गिरावट के दोहरे शतक के साथ आज के ट्रेडिंग सेशन की शुरुआत की। निफ्टी 206 अंक नीचे 23970 पर खुला। दूसरी ओर, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 40 पैसे गिरकर 94.88 पर खुला।
Stock Market Today live 11 May 8:20 AM: घरेलू शेयर मार्केट के लिए आज भी संकेत अच्छे नहीं हैं। भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 के गिरावट के साथ खुलने के आसार हैं। एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार हुआ, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान द्वारा मध्य पूर्व में युद्ध समाप्त करने के शांति प्रस्ताव को खारिज करने के बाद अमेरिकी शेयर वायदा में गिरावट आई।
सेंसेक्स-निफ्टी के लिए क्या हैं ग्लोबल संकेत
एशियन मार्केट
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार हुआ। जापान का निक्केई 225 0.81% बढ़ा, जबकि टॉपिक्स 0.32% बढ़ा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी एक नए रिकॉर्ड में 3.67% बढ़ गया, जबकि कोस्डैक मामूली रूप से अधिक था। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया।
गिफ्ट निफ्टी टुडे
गिफ्ट निफ्टी 24,092 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 142 अंकों की छूट है। यह भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को उच्च स्तर पर बंद हुआ, एसएंडपी 500 और नैस्डैक ने रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल की। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.02% बढ़कर 49,609 हो गया, जबकि एसएंडपी 500 0.84% बढ़कर 7,398 पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.71% बढ़कर 26,247 पर बंद हुआ।
अन्य संकेत
कच्चा तेल: होर्मुज स्ट्रेट काफी हद तक बंद है। इस वजह से ब्रेंट क्रूड वायदा 3.43% बढ़कर 104.76 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जबकि यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 3.68% की तेजी के साथ 98.93 डॉलर प्रति बैरल पर था।
सोने के भाव: आज अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति की कमी के रूप में सोने की कीमतों में गिरावट आई। स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.6% गिरकर 4,687.49 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.7% गिरकर 4,696.60 डॉलर हो गया। स्पॉट सिल्वर का भाव 80.32 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा।
डॉलर: डॉलर इंडेक्स 98.001 पर कारोबार कर रहा था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यूरो 0.2% गिरकर 1.1767 डॉलर पर आ गया, येन 0.1% फिसलकर 156.905 येन प्रति डॉलर पर आ गया और ब्रिटिश पाउंड 0.3% गिरकर 1.3597 डॉलर पर आ गया। चीनी युआन के मुकाबले अमेरिकी डॉलर विदेशी व्यापार में 6.7951 युआन पर स्थिर था।
(एजेंसियों से इनपुट के साथ)




साइन इन