पीएम मोदी की अपील के बाद EV, OMC और गैस शेयरों पर रखें नजर, खबरों में स्विगी, हुंडई भी
आज के स्टॉक पिक: आज के कारोबार में गोल्ड ज्वेलरी बेचने वाली कंपनियों के शेयर के साथ-साथ ऑटो, एनर्जी और गैस सेक्टर से जुड़े शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रह सकती है।

पीएम मोदी की पेट्रोल-डीजल और गैस बचत, सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और क्लीन एएनर्जी के अधिक इस्तेमाल और सोना न खरीदने की अपील के बाद सोमवार यानी आज के कारोबार में गोल्ड ज्वेलरी बेचने वाली कंपनियों के शेयर के साथ-साथ ऑटो, ऊर्जा और गैस सेक्टर से जुड़े शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रह सकती है। विशेष रूप से OMCs, EV और क्लीन एनर्जी, मोबिलिटी कंपनियां, रिन्यूएबल एनर्जी और सीएनजी-गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर बाजार में चर्चा में रह सकते हैं।
हुंडई मोटर्स: मार्जिन दबाव, लेकिन बिक्री मजबूत
हुंडई मोटर इंडिया ने चौथी तिमाही में कमजोर मार्जिन के बावजूद बेहतर वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की। नेट प्रॉफिट 22% घटकर ₹1,256 करोड़ रह गया। जबकि, राजस्व 5% बढ़कर ₹18,916 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं, EBITDA 22% गिरकर ₹1,966 करोड़ और EBITDA मार्जिन 14.1% से घटकर 10.4% रह गया। हालांकि, कंपनी की सेल वॉल्यूम में सालाना 9% और तिमाही आधार पर 7% की वृद्धि दर्ज हुई।
बैंकिंग शेयरों में भी हलचल
बैंक ऑफ बड़ौदा ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 10-12% डिपॉजिट ग्रोथ का अनुमान दिया है। बैंक को उम्मीद है कि NIMs 2.75%-2.95% के बीच रहेंगे। RoA 1% से ऊपर रहेगा और क्रेडिट कॉस्ट 0.6% से कम रहेगा।
Q4 में बैंक का मुनाफा अनुमान से बेहतर रहा और एसेट क्वालिटी में सुधार देखने को मिला। वहीं बैंक का Q4 मुनाफा 14.9% बढ़कर ₹3,016 करोड़ पहुंच गया। ग्रॉस NPA 1.98% और नेट एनपीए 0.56% रहा, जो बैंक की मजबूत एसेट क्वालिटी का संकेत माना जा रहा है।
स्विगी का कम हुआ घाटा
Swiggy ने चौथी तिमाही में घाटा कम किया है। घाटा घटकर ₹800 करोड़ और रेवन्यू 44.7% बढ़कर ₹6,383 करोड़ पर पहुंच गया। फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स दोनों कारोबारों में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा।
अर्बन कंपनी का घाटा बढ़ा
अर्बन कंपनी का घाटा बढ़कर ₹161.2 करोड़ हो गया। हालांकि कंपनी की आय 42.6% बढ़कर ₹425.6 करोड़ पहुंची। विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी अभी विस्तार और निवेश के चरण में है, इसलिए मुनाफे पर दबाव बना हुआ है।
बाजार की नजर किन सेक्टरों पर?
विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले कारोबारी सत्र में सबसे ज्यादा फोकस EV और क्लीन मोबिलिटी, OMCs, गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियां, रिन्यूएबल एनर्जी और बैंकिंग सेक्टर पर रह सकता है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन