10 रुपये से कम का शेयर रॉकेट सा उड़ा, 3 बार बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
पेनी स्टॉक ईजी ट्रिप प्लानर्स मंगलवार को 18% से ज्यादा चढ़कर 7.93 रुपये पर बंद हुआ है। ईजी ट्रिप प्लानर्स अपने शेयरधारकों को 3 बार बोनस शेयर का तोहफा दे चुकी है। साथ ही, कंपनी ने अपने शेयर का बंटवारा भी किया है।

पेनी स्टॉक ईजी ट्रिप प्लानर्स मंगलवार को रॉकेट सा उड़ गया। ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर मंगलवार को BSE में 18 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी के साथ 7.93 रुपये पर बंद हुए। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयरों ने 8.05 रुपये के स्तर को भी छुआ। ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 11.38 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 5.77 रुपये है। ईजी ट्रिप प्लानर्स अपने शेयरधारकों को दनादन बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने पिछले 4 साल में अपने निवेशकों को 3 बार बोनस शेयर बांटे हैं।
3 बार बोनस शेयर दे चुकी है कंपनी
ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners) अपने शेयरधारकों को 3 बार बोनस शेयर दे चुकी है। कंपनी ने फरवरी 2022 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिया। यानी, ईजी ट्रिप प्लानर्स ने हर शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। इसके बाद टूर एंड ट्रेवल इंडस्ट्री से जुड़ी इस कंपनी ने नवंबर 2022 में 3:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 3 बोनस शेयर बांटे। ईजी ट्रिप प्लानर्स ने अपना पिछला बोनस शेयर नवंबर 2024 में 1:1 के अनुपात में दिया है। यानी, कंपनी ने 1 पर 1 बोनस शेयर दिया है।
शेयर का बंटवारा भी कर चुकी है कंपनी
ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners) अपने शेयर का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) भी कर चुकी है। ईजी ट्रिप प्लानर्स ने अपने शेयर को दो टुकड़ों में बांटा है। कंपनी ने नवंबर 2022 में 2 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 2 शेयरों में बांटा है। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, ईजी ट्रिप प्लानर्स में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 43.56 पर्सेंट है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 56.44 पर्सेंट है।
63% लुढ़क गए हैं ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर
ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners) के शेयर पिछले 3 साल में 63 पर्सेंट लुढ़क गए हैं। वहीं, पिछले 2 साल में कंपनी के शेयरों में 62 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है। पिछले एक साल में ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयरों में करीब 28 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है। BSE पर उपलब्ध डेटा में यह बात कही गई है। इस साल अब तक ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयरों में करीब 8 पर्सेंट का उछाल आया है। वहीं, पिछले 3 महीने में कंपनी के शेयर करीब 10 पर्सेंट उछले हैं। पिछले एक हफ्ते में कंपनी के शेयरों में 14 पर्सेंट का उछाल आया है। ईजी ट्रिप प्लानर्स का मार्केट कैप मंगलवार को 2884 करोड़ रुपये पहुंच गया है।




साइन इन