पेटीएम को पहली बार पूरे फाइनेंशियल ईयर में मुनाफा, गुरुवार को शेयर पर रहेगी नजर
मार्च 2026 में समाप्त पूरे वित्त वर्ष के दौरान पेटीएम ने 552 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। इससे पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 663 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। पेटीएम ने ये नतीजे शेयर बाजार बंद होने के बाद जारी किए हैं। अब निवेशकों की नजर गुरुवार को पेटीएम के शेयर पर होगी।

Paytm result: पेटीएम ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली फिनटेक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस को पहली बार किसी पूरे वित्त वर्ष में मुनाफा हुआ है। मार्च 2026 में समाप्त पूरे वित्त वर्ष के दौरान पेटीएम ने 552 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। इससे पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 663 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। पेटीएम की ऑपरेशंस से सालाना आय 22.2 प्रतिशत बढ़कर 8,437 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 6,900 करोड़ रुपये थी।
मार्च तिमाही के नतीजे
बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही यानी जनवरी से मार्च की अवधि के दौरान पेटीएम का मुनाफा 183 करोड़ रुपये था। पिछले वर्ष की इसी अवधि में पेटीएम को 545 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से राजस्व 18.4 प्रतिशत बढ़कर 2,264 करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,912 करोड़ रुपये था।
शेयर पर रहेगी नजर
पेटीएम ने ये नतीजे शेयर बाजार बंद होने के बाद जारी किए हैं। अब निवेशकों की नजर गुरुवार को पेटीएम के शेयर पर होगी। पेटीएम के शेयर की बात करें तो 1110.25 रुपये पर है। बुधवार को यह शेयर करीब 2 पर्सेंट उछलकर बंद हुआ। दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक लगातार चार महीनों तक यह स्टॉक घाटे में रहा और इस दौरान इसमें कुल मिलाकर 27.35% की गिरावट आई। हालांकि, मई 2024 से नवंबर 2025 के बीच इस स्टॉक में लगातार तेजी का दौर देखा गया था। इस दौरान यह ₹361 से बढ़कर ₹1300 प्रति शेयर तक पहुंच गया था। शेयर के 52 हफ्ते का लो 803.10 रुपये है। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,381.75 रुपये है। ये दोनों ही भाव पिछले साल थे
बता दें कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पेमेंट्स बैंक नियमों का पालन न करने के कारण पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। आरबीआई ने कहा कि बैंक का संचालन ऐसे तरीके से किया जा रहा था, जो उसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक था।
हालांकि, पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने कहा कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड पर भारतीय रिजर्व बैंक की कार्रवाई का कंपनी पर कोई वित्तीय या व्यावसायिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। कंपनी ने दोहराया कि बैंकिंग इकाई के साथ उसका कोई महत्वपूर्ण व्यावसायिक समझौता या जोखिम नहीं है। नोएडा स्थित इस दिग्गज फिनटेक कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड स्वतंत्र रूप से काम करता है और इसमें पेटीएम का कोई बोर्ड या प्रबंधन हस्तक्षेप नहीं है।




साइन इन