LG के शेयर बुधवार को मचाएंगे हलचल, लॉक-इन पीरियड खत्म होने से 44 करोड़ शेयर होंगे मुक्त
LG के 65% यानी करीब 44 करोड़ शेयर लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद ट्रेडिंग के लिए खुलने जा रहे हैं। ₹66,000 करोड़ से ज्यादा की वैल्यू वाले इन शेयरों की एंट्री से स्टॉक पर दबाव भी बन सकता है।

LG Electronics India Share: बुधवार को जब छुट्टी के बाद स्टॉक मार्केट खुलेगा तो एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयर हलचल मचा सकते हैं। इसकी वजह है कंपनी के शेयरहोल्डर्स के लिए लागू लॉक-इन पीरियड का खत्म होना। इस लॉक-इन पीरियड के खत्म होते ही बड़ी संख्या में शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
लॉक-इन पीरियड खत्म होने का क्या मतलब है?
नुवामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयरों पर लगा छह महीने का लॉक-इन पीरियड अब समाप्त हो रहा है। इसका मतलब यह है कि अब तक जिन शेयरों को बेचा नहीं जा सकता था, वे अब बाजार में बेचने के लिए योग्य हो जाएंगे।हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि सभी शेयर एक साथ बिक जाएं। इसका मतलब सिर्फ इतना है कि अब ये शेयर ट्रेडिंग के लिए खुले हैं।
कितने शेयर होंगे ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध?
नुवामा की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 65% यानी करीब 44.12 करोड़ शेयर अब बाजार में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। मौजूदा कीमत के हिसाब से इन शेयरों की कुल वैल्यू लगभग ₹66,180 करोड़ बैठती है।
कंपनी में किसके पास कितनी हिस्सेदारी है?
दिसंबर 2025 तिमाही के अंत तक, कंपनी के प्रमोटर्स के पास 85% हिस्सेदारी थी, जो कि न्यूनतम 75% की तय सीमा से ज्यादा है। पब्लिक शेयरहोल्डर्स की बात करें तो भारत के म्यूचुअल फंड्स के पास करीब 5.4% होल्डिंग्स है, जबकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के पास करीब 3% हिस्सेदारी है।
छोटे निवेशकों की कितनी है हिस्सेदारी
करीब 10.6 लाख छोटे रिटेल निवेशकों, जिनका निवेश ₹2 लाख तक है, के पास कंपनी में 3.6% हिस्सेदारी है। हालांकि, मार्च तिमाही के लिए कंपनी ने अभी तक नया शेयरहोल्डिंग डेटा जारी नहीं किया है।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का शेयर प्राइस ट्रेंड
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयर सोमवार को 1.8% की बढ़त के साथ ₹1,503.5 पर बंद हुए। हालांकि, यह अपने लिस्टिंग के बाद के हाई ₹1,749 से करीब 14% नीचे है, लेकिन अभी भी अपने इश्यू प्राइस से ऊपर बना हुआ है। पिछले पांच सेशन में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है। जबकि, एक महीने के प्रदर्शन की बात करें तो इसमें 2.20 फीसद की गिरावट भी दर्ज की गई है। इसका मार्केट कैप 1.02 लाख करोड़ है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन