ईरान-इजरायल जंग से कई देशों में महंगी हुई LPG, भारत का क्या है हाल
LPG Price Today: ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध से वैश्विक बाजार में रसोई गैस (LPG) की कीमतों में हाल के दिनों में हलचल देखने को मिली है। globalpetrolprices.com द्वारा जारी रेट के मुताबिक कई देशों में LPG की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि कुछ देशों में मामूली गिरावट भी आई है।

ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध से वैश्विक बाजार में रसोई गैस (LPG) की कीमतों में हाल के दिनों में हलचल देखने को मिली है। globalpetrolprices.com ने फरवरी 2026 और 2 मार्च 2026 को जारी रेट के मुताबिक कई देशों में LPG की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि कुछ देशों में मामूली गिरावट भी आई है। 2 मार्च 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया भर में एलपीजी की औसत कीमत 71.96 भारतीय रुपये प्रति लीटर है। हालांकि, देशों के बीच इन कीमतों में काफी अंतर है।
सामान्य नियम के रूप में, अमीर देशों में कीमतें अधिक होती हैं, जबकि गरीब देशों और प्राकृतिक गैस का उत्पादन और निर्यात करने वाले देशों में कीमतें काफी कम होती हैं। अलग-अलग देशों में कीमतों में यह अंतर एलपीजी पर लगने वाले विभिन्न टैक्सों और सब्सिडी के कारण होता है। सभी देशों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों की प्राकृतिक गैस कीमतों तक समान पहुंच है, लेकिन फिर वे अलग-अलग टैक्स लगाने का निर्णय लेते हैं। इसके परिणामस्वरूप, एलपीजी की खुदरा कीमत अलग-अलग होती है।
अधिकतर देशों में रेट बढ़े
इस डेटा के मुताबिक अल्जीरिया, अंगोला, सऊदी अरब, अजरबैजान, ऑस्ट्रेलिया और होंडुरास जैसे देशों में LPG के दाम पहले के मुकाबले बढ़े हैं।
वहीं रूस, बेलारूस, पेरू और जॉर्जिया जैसे कुछ देशों में मामूली गिरावट भी देखी गई है। हालांकि भारत के लिए राहत की बात यह है कि इस अवधि में LPG की कीमत 59.9 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
भारत में आज क्या हैं एलपीजी के रेट
भारत में इंडियन ऑयल के डेटा के आधार पर एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) की कीमतों की बात करें तो आज 14.2 किग्रा वाला घरेलू सिलेंडर दिल्ली में ₹853 में मिल रहा है। जबकि, पटना में इसकी कीमत ₹951 है। मुंबई में ₹852.50 और लखनऊ में ₹890.50 में मिल रहा है। कारगिल में ₹985.5, पुलवामा में ₹969, बागेश्वर में ₹890.5 का है।
दूसरी तरफ दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1768.50 रुपये, कोलकाता में1875.50 और मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर 1720 रुपये में मिल रहा है। जबकि, चेन्नई में कॉमर्शियल सिलेंडर 1929 रुपये का है।
हॉर्मुज के बंद होने से एशिया में ऊर्जा संकट पैदा होगा
जीरो कार्बन एनालिटिक्स की ताजा रिपोर्ट के अनुसार यदि अमेरिका और ईरान के बीच का सैन्य तनाव लंबा खिंचता है और ईरान हॉर्मुज जलमार्ग को अवरुद्ध रखना जारी रखता है, तो इसका सबसे गहरा असर एशिया पर पड़ेगा। ऊर्जा बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक कच्चे तेल और गैस के दामों में उतार-चढ़ाव के कारण आने वाले समय में LPG कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।




साइन इन