फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कैसे करें किसान? यह क्यों है जरूरी और क्या हैं इसके फायदे?
अगर आप उत्तर प्रदेश के किसान हैं और अभी तक यूपी फार्मर रजिस्ट्री (UPFR) एग्रीस्टैक पोर्टल पर रजिस्टर नहीं हुए हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि यह पोर्टल क्या है और इसपर रजिस्ट्रेशन के क्या प्रोसेस हैं?

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए एक डिजिटल पोर्टल 'यूपी फार्मर रजिस्ट्री (UPFR) एग्रीस्टैक' की शुरुआत की है। इस पोर्टल का मकसद राज्य के हर किसान को एक यूनिक 'किसान आईडी' प्रदान करना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से उठा सकें।
अगर आप उत्तर प्रदेश के किसान हैं और अभी तक इस पोर्टल पर रजिस्टर नहीं हुए हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि यह पोर्टल क्या है और इसपर रजिस्ट्रेशन के क्या प्रोसेस हैं?
क्या है UPFR एग्रीस्टैक पोर्टल?
UPFR एग्रीस्टैक पोर्टल (upfr.agristack.gov.in) सरकार द्वारा बनाया गया एक डिजिटल डेटाबेस है। इसे किसानों के लिए आधार कार्ड की तरह समझा जा सकता है। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद मिलने वाली किसान आईडी से किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं, फसल बीमा, ऋण और अन्य कृषि सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है। आप इसे घर बैठे या फिर नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की मदद से कर सकते हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upfr.agristack.gov.in पर जाएं।
2. होम पेज पर दिए गए 'फार्मर' विकल्प पर क्लिक करें।
3. अब 'क्रिएट न्यू यूजर अकाउंट' पर क्लिक करें।
4. अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें और 'OTP भेजें' पर क्लिक करें।
5. आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करें। इससे आपकी बुनियादी जानकारी अपने आप भर जाएगी।
6. इसके बाद जमीन के दस्तावेज, फसल संबंधी जानकारी और बैंक खाते की डिटेल दर्ज करें।
7. सारी जानकारी सही-सही भरने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें। आपको एक एनरोलमेंट आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रख लें।
सीएससी से कैसे लें मदद
अगर आपको ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होती है, तो आप अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जा सकते हैं। वहां ऑपरेटर आपका रजिस्ट्रेशन करवा देगा, जिसके लिए वह 20 से 50 रुपए तक का शुल्क ले सकता है।
रजिस्ट्रेशन स्टेटस कैसे चेक करें?
रजिस्ट्रेशन कराने के बाद आप अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। पोर्टल पर 'चेक एनरोलमेंट स्टेटस' विकल्प पर क्लिक करें। अपनी एनरोलमेंट आईडी या आधार नंबर डालकर सबमिट करें। आपकी स्क्रीन पर आपके आवेदन की स्थिति (पेंडिंग, अप्रूव्ड या रिजेक्ट) दिख जाएगी। अप्रूव होने पर आप अपना किसान आईडी कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
फार्मर रजिस्ट्री के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स क्या-क्या हैं
· आधार कार्ड (मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी)
· खसरा/खतौनी (जमीन के दस्तावेज)
· बैंक खाता पासबुक
· पासपोर्ट साइज फोटो
· जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
फार्मर रजिस्ट्री के क्या हैं फायदे?
· यूनिक पहचान: एक ही आईडी से सभी विभागों में पहचान।
· सीधा लाभ: सब्सिडी और पीएम किसान, फसल बीमा जैसी कई योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर।
· पारदर्शिता: बिचौलियों पर निर्भरता खत्म होगी।
· आसान लोन: किसान आईडी से बैंकों से आसानी से कृषि लोन मिल सकेगा।
· फसल बीमा: फसल बीमा का दावा जल्दी प्रोसेस होगा।
रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से मुफ्त
यह रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से मुफ्त है। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान आईडी पक्की (परमानेंट) होती है। अगर कभी जानकारी में बदलाव करना हो, तो पोर्टल पर लॉगिन करके अपडेट किया जा सकता है।
सरकार का यह प्रयास किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अगर आप उत्तर प्रदेश के किसान हैं, तो आज ही इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।




साइन इन