बाजार में उतरते ही 39% का बंपर फायदा, फिर 5% लुढ़क गया यह छोटकू शेयर
गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर मंगलवार को करीब 39% के फायदे के साथ 59.75 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर 5 पर्सेंट लुढ़ककर 56.77 रुपये पर बंद हुए हैं।

एक छोटी कंपनी गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हुई है। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर मंगलवार को करीब 39 पर्सेंट के फायदे के साथ 59.75 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर 60 रुपये तक भी पहुंचे। आईपीओ में गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर का दाम 43 रुपये था। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 12 मई को खुला था और यह 14 मई तक ओपन रहा। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के आईपीओ का टोटल साइज 12 करोड़ रुपये तक का था।
शानदार लिस्टिंग के बाद लुढ़क गए कंपनी के शेयर
करीब 39 पर्सेंट के फायदे के साथ शानदार लिस्टिंग के बाद गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर लुढ़क गए। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर 5 पर्सेंट की गिरावट के साथ 56.77 रुपये पर बंद हुए। कंपनी का मार्केट कैप मंगलवार को 54 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया है। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट 15 मई को फाइनल हुआ था। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुए हैं। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के प्रमोटर अमोल लक्ष्मीकांत मजूमदार और स्वप्न प्रेमप्रकाश खंडेलवाल हैं। आईपीओ से पहले गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल लिमिटेड में प्रमोटर की हिस्सेदारी 79.70 पर्सेंट थी, जो कि अब 57.29 पर्सेंट रह गई है।
840 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था कंपनी का IPO
गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के आईपीओ (Goldline Pharmaceutical IPO) पर टोटल 840.74 गुना दांव लगा था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 881.15 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स कैटेगरी में 1662.04 गुना दांव लगा। वहीं, क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 180.22 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 6000 शेयर हैं। यानी, आम निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में 2.58 लाख रुपये का इनवेस्टमेंट करना पड़ा।
क्या करती है गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल
गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल लिमिटेड, फार्मास्युटिकल्स प्रॉडक्ट्स के मार्केटिंग के बिजनेस में है। कंपनी गोल्डलाइन ब्रांड नेम के तहत अपने प्रॉडक्ट्स बेचती है। कंपनी की प्रॉडक्ट रेंज को गोल्डलाइन फार्मा, गोल्डलाइन कार्डिनल, गोल्डलाइन आयुष्मान, गोल्डलाइन इनलाइफ, गोल्डलाइन वेलनेस इन 5 कैटेगरीज में रखा गया है। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल अपने प्रॉडक्ट्स खुद नहीं बनाती है। यह दवाएं बनाने के लिए थर्ड-पार्टी मैन्युफैक्चरर्स से साझेदारी करती है, जो कि इसकी मार्केट रिसर्च और प्रॉडक्ट स्पेसिफिकेशंस के आधार पर मेडिसिन बनाते हैं। गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल फिलहाल 15 मैन्युफैक्चरर्स और 7 डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ काम कर रही है।




साइन इन