टाटा के इस शेयर पर आज रखें नजर, 35% टूटने के बाद भी क्यों बुलिश है जियोजित
TMPV Share Price: अपने 52-सप्ताह के हाई 459.67 रुपये से 35 प्रतिशत से अधिक नीचे है। पिछले एक वर्ष में टाटा का शेयर 28 प्रतिशत गिरा है। इसके बावजूद घरेलू ब्रोकरेज फर्म जियोजित इन्वेस्टमेंट्स ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों पर Buy रेटिंग दी है।

TMPV Share Price: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का शेयर पिछले एक साल में काफी पिछड़ गया है। यह अपने 52-सप्ताह के हाई 459.67 रुपये से 35 प्रतिशत से अधिक नीचे है। पिछले एक वर्ष में टाटा का शेयर 28 प्रतिशत गिरा है, जबकि बेंचमार्क निफ्टी 50 में केवल 5 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके बावजूद घरेलू ब्रोकरेज फर्म जियोजित इन्वेस्टमेंट्स ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों पर 'Buy' रेटिंग दी है।
फर्म ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर का टार्गेट प्राइस 341 रुपये तय किया है, जो मौजूदा कीमत से 15 प्रतिशत अधिक है। जियोजित के अनुसार, TMPV ने उत्पादन में रुकावट और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन किया है।
सोमवार को शेयर पर क्यों रहेगा फोकस
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर की कीमत पर सोमवार को निवेशकों की निगाहें टिकी रहेंगी। ऑटो दिग्गज की ब्रिटिश लग्जरी कार सब्सिडियरी जगुआर लैंड रोवर (JLR) द्वारा जारी वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही और 31 मार्च 2026 को समाप्त पूरे वित्त वर्ष के थोक और रिटेल सेल के आंकड़े हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में चौथी तिमाही में यूरोप को छोड़कर सभी बाजारों में थोक बिक्री घटी है। यूरोप में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अन्य बाजारों में यूके में 23.1 प्रतिशत, उत्तरी अमेरिका में 19.0 प्रतिशत, चीन में 29.8 प्रतिशत, ओवरसीज (अन्य विदेशी बाजार) में 7.9 प्रतिशत और मेना क्षेत्र में 2.4 प्रतिशत की गिरावट आई है। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान जेएलआर की थोक बिक्री की मात्रा पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 23.2 प्रतिशत घटकर 307,900 यूनिट रह गई।
रिटेल सेल के आंकड़े
चीन में चेरी के साथ ज्वाइंट वेंचर समेत जेएलआर की रिटेल सेल तिमाही आधार पर 16.2 प्रतिशत बढ़कर 92,700 यूनिट हो गई। हालांकि, सालाना आधार पर यह 14.3 प्रतिशत की गिरावट है। 31 मार्च को समाप्त वर्ष के दौरान खुदरा बिक्री पिछले वर्ष के मुकाबले 17.8 प्रतिशत घटकर 352,300 यूनिट रह गई।
मुनाफा बढ़ाने वाले मॉडलों का दबदबा
रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर जैसे मुनाफा बढ़ाने वाले मॉडलों की बिक्री जनवरी-मार्च में कुल बिक्री का 77.1 प्रतिशत रही। पिछले साल इस अवधि में इन मॉडलों की हिस्सेदारी 66.3 प्रतिशत थी। ये मॉडल टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के नकदी प्रवाह में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं।
टाटा मोटर्स के रेवेन्यू में जेएलआर की भूमिका: जेएलआर ब्रिटेन की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है। इसकी मालिक टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स है और इस भारतीय ऑटो निर्माता के राजस्व में 80 प्रतिशत का योगदान देती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन