5 साल में 2459% का रिटर्न, 5 टुकड़ों में बंट रहा स्टॉक, 1 बोनस शेयर का भी ऐलान
Multibagger Stock: F Mec International Financial Services ने बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट की जानकारी एक्सचेंज के साथ साझा किया है। कंपनी पहली बार निवेशकों को बोनस शेयर देने जा रही है।

Multibagger Stock: मल्टीबैगर स्टॉक F Mec International Financial Services ने बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट का फैसला किया है। 100 रुपये से कम की कीमत वाले इस स्टॉक ने इसकी जानकारी एक्सचेंज को दी है। बता दें, पहली बार कंपनी के शेयरों का बंटवारा होगा। वहीं, पहली ही बार कंपनी शेयर बाजार में एक्स-बोनस ट्रेड करेगी।
कितने हिस्सों में बांटा जाएगा शेयर (Stock Split Updates)
स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में इस मल्टीबैगर स्टॉक ने बताया है कि 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 5 हिस्सों में बांटा जाएगा। इस स्टॉक स्प्लिट के बाद F Mec International Financial Services के शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये से घटकर 2 रुपये प्रति शेयर हो जाएगा।
मिलेंगे कितने बोनस शेयर (Bonus Share Updates)
कंपनी ने कहा है कि निवेशकों को 1 बोनस शेयर दिया जाएगा। F Mec International Financial Services की तरफ से 2 रुपये के फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों पर एक शेयर बोनस के तौर पर देने का फैसला किया गया है। बता दें, बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट के लिए भी तक इस कंपनी ने रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है।
शेयरों का प्रदर्शन पिछले एक साल में कैसा रहा है?
शुक्रवार को बाजार के बंद होने के समय पर F Mec International Financial Services के शेयर बीएसई में 0.64 प्रतिशत की तेजी के बाद 91.36 रुपये के लेवल पर थे। बीते एक महीने में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 38 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, एक साल में यह स्टॉक 3.92 प्रतिशत का रिटर्न देने में सफल रहा है। कंपनी का 52 वीक हाई 150 रुपये और 52 वीक लो लेवल 58 रुपये प्रति शेयर है। इस कंपनी का मार्केट कैप 81.24 करोड़ रुपये का है।
5 साल में 2459% का कंपनी ने दिया है रिटर्न
दो साल में F Mec International Financial Services के शेयरों का भाव 5 प्रतिशत ही बढ़ा है। लेकिन तीन साल से होल्ड करने वाले निवेशकों को कंपनी ने शेयर बाजार में 330 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। बता दें, 5 साल में इस स्टॉक की कीमतों में 2459 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।
बीएसई के डाटा के अनुसार कंपनी में सितंबर 2025 तक प्रमोटर की हिस्सेदारी 36.91 प्रतिशत थी। वहीं, पब्लिक के पास 63.09 प्रतिशत हिस्सा था।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)




साइन इन