PF अकाउंट के लौटाए जाएंगे पैसे लेकिन नहीं मिलेगा ब्याज, इन लोगों को जानना जरूरी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) लाखों निष्क्रिय अकाउंट में फंसे पैसे को पीएफ अकाउंटहोल्डर को ट्रांसफर करने की तैयारी कर रहा है। वह अकाउंट निष्क्रिय माना जाता है, जिसमें 36 महीने से अधिक समय तक कर्मचारी या नियोक्ता की ओर से कोई अंशदान जमा नहीं हुआ हो।

EPFO alert: बीते दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) लाखों निष्क्रिय अकाउंट में फंसे पैसे को पीएफ अकाउंटहोल्डर को ट्रांसफर करने की तैयारी कर रहा है। ऐसे मे लोगों के मन में अब कई तरह के सवाल चलने लगे हैं। उदाहरण के लिए ईपीएफओ किस तरह के निष्क्रिय अकाउंट के पैसे को लौटाएगा और जो रकम दी जाएगी क्या उस पर ब्याज भी मिलेगा? आइए डिटेल में जान लेते हैं।
क्या होता है निष्क्रिय अकाउंट?
ईपीएफओ का वह अकाउंट निष्क्रिय माना जाता है, जिसमें 36 महीने से अधिक समय तक कर्मचारी या नियोक्ता की ओर से कोई अंशदान जमा नहीं हुआ हो। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे खातों में अक्सर छोटी-छोटी राशियां वर्षों तक पड़ी रहती हैं, जिन्हें कर्मचारी भूल जाते हैं या ट्रांसफर नहीं कराते। जानकारी के मुताबिक कुल 31.86 लाख निष्क्रिय ईपीएफ अकाउंट में 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं। इनमें से 1,000 रुपये तक के बैलेंस वाले सात लाख अकाउंट में 30.52 करोड़ रुपये की राशि है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर लौटाया जाएगा।
किसे जल्दी मिलेगा पैसा?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आधार से जुड़े ईपीएफ अकाउंट में यह पीएफ राशि सीधे संबंधित बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। खाताधारक की मृत्यु हो जाने की स्थिति में भुगतान नामित व्यक्ति या वैध उत्तराधिकारी को किया जाएगा।
क्या ब्याज मिलेगा?
मौजूदा नियमों के तहत ईपीएफओ के सदस्य की 58 वर्ष की आयु तक खाते पर ब्याज मिलता है। 58 वर्ष के बाद खाते को निष्क्रिय माना जाता है और आगे ब्याज नहीं जुड़ता।
अकाउंट निष्क्रिय हो जाए तो क्या करें?
यदि ईपीएफओ कर्मचारी अभी भी किसी ऐसे संस्थान में कार्यरत है जो EPF & MP Act, 1952 के दायरे में आता है, तो उसे अपनी पुरानी राशि नए खाते में ऑनलाइन या ऑफलाइन ट्रांसफर करा लेनी चाहिए। रिटायर हो चुके सदस्य चाहें तो पूरी राशि निकाल सकते हैं।
EPFO 3.0 की शुरुआत
बता दें कि ईपीएफओ 'ईपीएफओ 3.0' डिजिटल पहल पर भी काम कर रहा है, जिसके तहत 'कोर बैंकिंग प्रणाली' आधारित सुविधाएं लागू की जा रही हैं। नई प्रणाली में जोखिम प्रबंधन की जांच पास करने वाले क्लेम तीन दिन से भी कम समय में निपटाए जा सकेंगे, जबकि पहले मैनुअल प्रक्रिया में 20 दिन तक लग जाते थे। अप्रैल 2025 में EPFO ने UMANG ऐप के जरिए आधार फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक से UAN जनरेशन और एक्टिवेशन की सुविधा भी शुरू की थी। इससे सदस्य बिना किसी भौतिक सत्यापन के सुरक्षित और संपर्करहित तरीके से अपनी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।




साइन इन