3 महीने में पैसा किया डबल, कंपनी के पास 2400 करोड़ रुपये से अधिक का काम, आज शेयरों में 5% की तेजी
DEE Development Engineers Share Price: कंपनी के शेयरों की कीमतों में आज 5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। इस कंपनी का कुल ऑर्डर बुक 2400 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

DEE Development Engineers Share Price: डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स के शेयरों में आज सोमवार को अपर सर्किट लगा है। कंपनी के शेयरों की कीमतों में 5 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों में उछाल के पीछे की वजह वर्क ऑर्डर से जुड़ी जानकारी है। डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स ने बताया है कि 631.91 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मई 2026 में मिला है।
आज बीएसई में कंपनी के शेयर 670 रुपये के स्तर पर ओपन हुए थे। 5 प्रतिशत की उछाल के बाद बीएसई में यह स्टॉक 707.95 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स का यह 52 वीक हाई है। बता दें, कंपनी के शेयरों में आज सोमवार को अपर सर्किट लगा है।
कंपनी का ऑर्डर बुक 2400 करोड़ रुपये के पार
डी डेवलपमेंट इंजीनियर्स का कुल ऑर्डर बुक 2433.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। मई के शुरुआत में कंपनी के पास 1909.82 करोड़ रुपये का काम था। जोकि 31 मई तक 2400 करोड़ रुपये को क्रॉस कर गया। बता दें, इस कंपनी ने शेयर बाजारों को दी जानकारी में कहा है कि मई के महीने में 107.83 करोड़ रुपये का काम पूरा भी हुआ है।
मई के महीने में डी डेवलपमेंट्स को पावर सेगमेंट में कुल 274.79 करोड़ रुपये का काम मिला था। जिसके बाद इस सेगमेंट में कंपनी का ऑर्डर बुक 1251.42 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। ऑयल गैस सेगमेंट में कंपनी को 358 करोड़ रुपये का काम मिला है। मई के महीने में मिले इस नए ऑर्डर की वजह से अब कुल काम सेगमेंट में 881 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
शेयरों का प्रदर्शन काफी शानदार
DEE Development Engineers उन चुनिंदा कंपनियों में से एक है। जिन्होंने निवेशकों को मोटा रिटर्न दिया है। महज 3 महीने के अंदर ही कंपनी के शेयरों का भाव 154 प्रतिशत बढ़ा है। यानी पोजीशनल निवेशकों का पैसा 3 महीने में ही दोगुना हो चुका है। 2026 में स्टॉक का दाम 239 प्रतिशत बढ़ा है। 6 महीने से शेयरों को होल्ड करने वाले निवेशकों को अबतक 243 प्रतिशत का लाभ मिला है। 1 साल में DEE Development Engineers के शेयरों की कीमतों में 155 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
इस कंपनी का 52 वीक हाई 707.95 रुपये और 52 वीक लो लेवल 183.35 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 4903 करोड़ रुपये का है।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)




साइन इन