डीए में 3% की होगी बढ़ोतरी? केंद्रीय कर्मचारियों को एक बार फिर मिलेगा तोहफा
बीते दिनों सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता यानी डीए में 2 पर्सेंट बढ़ाने का ऐलान किया था। अब एक बार फिर केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 3 पर्सेंट तक बढ़ोतरी हो सकती है।

अगर केंद्रीय कर्मचारी हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, बीते दिनों सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता यानी डीए में 2 पर्सेंट बढ़ाने का ऐलान किया था। इस बढ़ोतरी के साथ डीए 60 पर्सेंट हो गया है। अब एक बार फिर केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 3 पर्सेंट तक बढ़ोतरी हो सकती है। आइए डिटेल समझ लेते हैं।
क्या है मामला?
दरअसल, अभी केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 2 पर्सेंट की बढ़ोतरी, जनवरी से जून छमाही तक के लिए प्रभावी है। अब अगला ऐलान जुलाई से दिसंबर छमाही के लिए होगा। दिसंबर छमाही के डीए का ऐलान आमतौर पर नवरात्रि या दशहरा के दौरान किया जाता है।
इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना है। तमाम मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि महंगाई भत्ता 3 पर्सेंट बढ़कर 63 पर्सेंट हो जाएगा। इसका फायदा एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलने की उम्मीद है।
कब भत्ते में हुई बढ़ोतरी?
बीते 18 अप्रैल को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) दो प्रतिशत बढ़ाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत, दोनों में वृद्धि के कारण सरकारी खजाने पर कुल 6,791.24 करोड़ रुपये सालाना का बोझ पड़ेगा। मूल वेतन या पेंशन की मौजूदा 58 प्रतिशत की दर पर दो प्रतिशत की यह वृद्धि, महंगाई की भरपाई के लिए है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों को डीए और पेंशनभोगियों को डीआर की यह अतिरिक्त किस्त एक जनवरी, 2026 से दी जाएगी।
राजस्थान सरकार ने भी दिया है तोहफा
इस बीच, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य में महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत में दो प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इससे राज्य कार्मिकों एवं पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि होगी।
अब प्रदेश में सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को एक जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता अथवा मंहगाई राहत देय होगी। इस निर्णय से लगभग 7.02 लाख कार्मिक एवं 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को आगामी जून में देय मई 2026 के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा।




साइन इन