निफ्टी 50 इंडेक्स में होगी BSE की एंट्री, विप्रो को लग सकता है झटका
NSE के हर छह महीने में होने वाले इंडेक्स रीबैलेंसिंग में IT की बड़ी कंपनी विप्रो को झटका लग सकता है। ब्रोकरेज फर्म एक्सिस कैपिटल का अनुमान है कि इंडेक्स में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई की एंट्री होने वाली है।

निफ्टी 50 इंडेक्स में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई की एंट्री होने वाली है। यह स्टॉक एक्सचेंज NSE के हर छह महीने में होने वाले इंडेक्स रीबैलेंसिंग में IT की बड़ी कंपनी विप्रो की जगह ले सकता है। यह अनुमान ब्रोकरेज फर्म एक्सिस कैपिटल ने लगाया है। इस बदलाव की घोषणा अगस्त महीने के आखिरी तक किए जाने की उम्मीद है। वहीं, यह बदलाव 30 सितंबर 2026 से लागू होगा। बता दें कि निफ्टी इंडेक्स में किन कंपनियों को शामिल किया जाए और किन्हें हटाया जाए, यह तय करने के लिए इंडेक्स मेंटेनेंस सब-कमेटी 1 फरवरी से 31 जुलाई के बीच के छह महीने के औसत डेटा पर विचार करती है। 1 फरवरी से 15 मई तक उपलब्ध डेटा के आधार पर मौजूदा अनुमानों से पता चलता है कि निफ्टी 50 में एक, निफ्टी नेक्स्ट 50 में पांच और बैंक निफ्टी में कोई बदलाव नहीं होगा।
बीएसई में आएगा कितना निवेश?
एक्सिस कैपिटल का अनुमान है कि इस बदलाव से बीएसई में 657 मिलियन डॉलर का निवेश आ सकता है, जिसमें इंडेक्स फंड्स द्वारा 15.7 मिलियन शेयर खरीदे जाने की संभावना है। दूसरी ओर, विप्रो से 225 मिलियन डॉलर का निवेश बाहर जा सकता है। इसका मतलब होगा कि इंडेक्स फंड्स द्वारा लगभग 114.2 मिलियन शेयरों की बिक्री की जाएगी।
बीएसई के तिमाही नतीजे
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने FY26 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में बीएसई का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 797 करोड़ रुपये का रहा है, जो पिछले साल की इसी अवधि के 494 करोड़ रुपये के मुकाबले 61% अधिक है। इस तिमाही में बीएसई का रेवेन्यू साल-दर-साल 85% बढ़कर 1,564 करोड़ रुपये हो गया।
पिछले साल की इसी तिमाही में यह 847 करोड़ रुपये था। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर नेट प्रॉफिट 602 करोड़ रुपये से 32% बढ़कर 797 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, रेवेन्यू की बात करें तो अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के 1,244 करोड़ रुपये से 26% बढ़कर 1,564 करोड़ रुपये हो गया। पूरे वित्त वर्ष FY26 के लिए बीएसई ने 5,148 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दर्ज किया। एबिटा 3393 करोड़ रुपये और एबिटा मार्जिन 48% रहा।
बीएसई के शेयर की कीमत
बीएसई के शेयर की बात करें तो मंगलवार को 1.70% बढ़कर 4,190.80 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में शेयर 4,298.90 रुपये से 4,119 रुपये के बीच रहा। एक साल में इस शेयर का रिटर्न 9 फीसदी रहा है। तीन साल का रिटर्न 90% का रहा तो पांच साल का रिटर्न 147 फीसदी का रहा।




साइन इन