पस्त बाजार लेकिन बेफिक्र दौड़ रहे अडानी के 2 शेयर, अब तक बनाए 1.3 लाख करोड़
अडानी समूह की कंपनी- अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन ने इस साल निवेशकों के लिए सबसे बड़े वेल्थ क्रिएटर्स में शामिल होकर उभरे हैं।

साल 2026 में ग्लोबली टेंशन की वजह से भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजार दबाव में हैं। तमाम अड़चनों का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है। इस साल अब तक निफ्टी करीब 10% गिर चुका है लेकिन ऐसे माहौल में भी अडानी समूह की 2 कंपनियों ने निवेशकों को चौंकाने वाला रिटर्न दिया है।
दरअसल, अडानी समूह की कंपनी- अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन ने इस साल निवेशकों के लिए सबसे बड़े वेल्थ क्रिएटर्स में शामिल होकर उभरे हैं। दोनों कंपनियों ने मिलकर निवेशकों की संपत्ति में 1.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा किया है। Ace Equity के आंकड़ों के मुताबिक अडानी पोर्ट्स ने इस साल अपने मार्केट कैप में करीब 69,764 करोड़ रुपये जोड़े जबकि समूह की पैरेंट कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप लगभग 62,560 करोड़ रुपये बढ़ा। इस तरह दोनों कंपनियों ने मिलकर करीब 1.33 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त निवेशक संपत्ति बनाई।
अडानी पोर्ट्स का परफॉर्मेंस
अडानी पोर्ट्स के शेयर इस साल निफ्टी के सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाले शेयरों में शामिल रहे। कंपनी के शेयर 1786.45 रुपये पर हैं तो मार्केट कैप दिसंबर 2025 के अंत में करीब 3.39 लाख करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 4.08 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। शेयर में 2026 में अब तक 20% से ज्यादा तेजी आई है। वहीं, समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने भी इस अवधि में 20% से अधिक रिटर्न दिया। कंपनी का मार्केट कैप दिसंबर के करीब 2.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 20 मई तक 3.5 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
मार्च तिमाही में अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन का मुनाफा 2025-26 की चौथी तिमाही में 9.43 प्रतिशत बढ़कर 3,308.30 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में 3,023.10 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 11,489.45 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वर्ष की समान तिमाही में 8,769.63 करोड़ रुपये थी।
वहीं खर्च बढ़कर 7,937.66 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 5,382.13 करोड़ रुपये था। समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड का मुनाफा 12,782.03 करोड़ रुपये हो गया। यह 2024-25 में 11,061.26 करोड़ रुपये रहा था।
वहीं, अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड को बीते वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 221 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। नवी मुंबई हवाई अड्डे सहित हाल ही में शुरू हुई परियोजनाओं के मूल्यह्रास के कारण कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ा है। कंपनी को वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में 3,845 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 9,339 करोड़ रुपये रहा।




साइन इन