अडानी समूह का एनर्जी सेक्टर में बड़ा कदम, विदेश में बनाई नई कंपनी
अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने एक नई कंपनी बनाई है। इस कंपनी का नाम अडानी रिन्यूएबल एनर्जी मिडिल ईस्ट लिमिटेड (AREMEL) है। शेयर की बात करें तो पिछली 964.40 रुपये की क्लोजिंग के मुकाबले गुरुवार को 973.70 रुपये तक पहुंच गई।
गौतम अडानी समूह की कंपनी- अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने एक नई कंपनी बनाई है। इस कंपनी का नाम अडानी रिन्यूएबल एनर्जी मिडिल ईस्ट लिमिटेड (AREMEL) है। इसे अडानी समूह का विदेशी बाजारों, विशेष रूप से मध्य पूर्व क्षेत्र में रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में उपस्थिति का विस्तार करने की दिशा में रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
यूएई में कंपनी का गठन
अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने बताया कि अडानी रिन्यूएबल एनर्जी मिडिल ईस्ट का गठन 25 फरवरी, 2026 को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हुआ। यह अडानी ग्रीन एनर्जी की संबद्ध कंपनी है और यह रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में काम करेगी, जिसका मुख्य उद्देश्य रिन्यूएबल सोर्सेज से बिजली उत्पादन करना है। कंपनी के शेयर बाजार में दी गई जानकारी के अनुसार, इस सहायक कंपनी की अधिकृत पूंजी 10,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (2.47 लाख रुपये) है और इसकी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी अडानी ग्रीन एनर्जी के पास है।
शेयर का परफॉर्मेंस
अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर की बात करें तो पिछली 964.40 रुपये की क्लोजिंग के मुकाबले गुरुवार को 973.70 रुपये तक पहुंच गई। अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों ने 23 सितंबर, 2025 को 1,179.20 रुपये प्रति शेयर का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर छुआ। वहीं, 3 मार्च 2025 को 758 रुपये प्रति शेयर का 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर दर्ज किया गया।
फ्रांस की कंपनी ने बेची हिस्सेदारी
हाल ही में फ्रांस की एनर्जी कंपनी टोटलएनर्जीज ने अडानी ग्रीन में हिस्सेदारी बिक्री की जानकारी दी है। फ्रांस की कंपनी के मुताबिक उसने वर्ष 2025 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) में अपनी 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है। शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फ्रांसीसी कंपनी की अनुषंगी टोटलएनर्जी रिन्यूएबल्स इंडियन ओशन ने 10 दिसंबर, 2025 को 17 निवेशकों को थोक लेनदेन के जरिये अडानी ग्रीन के 2.86 करोड़ शेयर 2,778.09 करोड़ रुपये में बेचे। इस सौदे को 970 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अंतिम रूप दिया गया। इस लेनदेन के बाद अडानी ग्रीन एनर्जी में टोटलएनर्जीज की हिस्सेदारी घटकर 17.25 प्रतिशत रह गई, जो पहले 18.99 प्रतिशत थी। अडानी ग्रीन एनर्जी में टोटलएनर्जीज अपनी दो सहयोगी कंपनियों- टोटल एनर्जीज सोलर विंड इंडियन ओशन लिमिटेड और टोटलएनर्जीज रिन्यूएबल्स इंडियन ओशन लिमिटेड के जरिये हिस्सेदारी रखती है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में अडानी ग्रीन एनर्जी का मुनाफा लगभग 98.94 प्रतिशत घटकर पांच करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से खर्च बढ़ने के कारण कंपनी का लाभ घटा है। पिछले वर्ष की समान तिमाही (दिसंबर 2024) में उसने 474 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 2,961 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,329 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 2,837 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल 2,636 करोड़ रुपये थी।




साइन इन