₹766 से टूटकर ₹1 के नीचे ट्रेड कर रहा शेयर, अनिल अंबानी की कंपनी, अब आई बुरी खबर
करीब 15 साल पहले रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयर की कीमत 766 रुपये के स्तर पर थी, जो अब एक रुपये से नीचे आ गई है। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को शेयर 0.93 पैसे की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 0.96 पैसे पर पहुंच गए।

अनिल अंबानी की कई कंपनियां हैं जिनके शेयर ने लॉन्ग टर्म में निवेशकों को बड़ा नुकसान कराया है। ऐसा ही एक शेयर रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCOM) है। करीब 15 साल पहले इस कंपनी के शेयर की कीमत 766 रुपये के स्तर पर थी, जो अब एक रुपये से नीचे आ गई है। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को कंपनी के शेयर 0.93 पैसे की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 0.96 पैसे पर पहुंच गए। शेयर का इंट्रा-डे लो 0.91 पैसे है। यह शेयर के 52 हफ्ते का लो है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1.95 रुपया है। अब कंपनी से जुड़ा एक बड़ा अपडेट आया है।
क्या है नया अपडेट?
दरअसल, रिलायंस कम्युनिकेशंस द्वारा कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कंपनी के मालिक अनिल अंबानी की संपत्ति कुर्क कर ली है। ईडी ने धन शोधन रोधक कानून (PMLA) के तहत रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी के मुंबई स्थित घर 'एबोड' को कुर्क कर लिया है, जिसकी कीमत 3716 करोड़ रुपये है। मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित यह आलीशान घर 66 मीटर ऊंचा है और इसमें 17 मंजिलें हैं।
अनिल अंबानी से पूछताछ संभव
जानकारी के मुताबिक अनिल अंबानी ईडी के सामने पेश हो सकते हैं। उन्होंने पहली बार अगस्त, 2025 में ईडी के सामने पेश होकर PMLA के तहत अपना बयान दर्ज कराया था। ईडी ने नवंबर, 2025 में इसी संपत्ति का एक हिस्सा कुर्क किया था, जिसकी कीमत 473.17 करोड़ रुपये थी। ताजा आदेश के साथ इस मामले में कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य अब लगभग 15,700 करोड़ रुपये हो गया है।
ईडी के क्या हैं आरोप
ईडी के अनुसार, रिलायंस कम्युनिकेशंस और उसकी समूह कंपनियों ने घरेलू और विदेशी ऋणदाताओं से कर्ज लिया था, जिसकी कुल बकाया राशि 40,185 करोड़ रुपये है। जांच में पाया गया कि अन्य संपत्तियों के साथ पाली हिल स्थित इस संपत्ति (एबोड) को राइजी ट्रस्ट में शामिल किया गया था, जो अंबानी परिवार के सदस्यों का एक निजी पारिवारिक ट्रस्ट है।
एजेंसी ने हाल में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों पर अनिल धीरभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के खिलाफ कथित बैंक धोखाधड़ी और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के कई मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
शेयरहोल्डिंग पैटर्न
रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो इसमें प्रमोटर्स की मामूली हिस्सेदारी है। इसका प्रमोटर समूह अनिल अंबानी परिवार है। कंपनी में एलआईसी की हिस्सेदारी 4.13 फीसदी है। यह 11,40,91,027 शेयर के बराबर है।




साइन इन