मधेपुरा में घर में घुसकर महिला की हत्या, सोते वक्त बदमाशों ने सिर में मारी गोली
मधेपुरा के भर्राही थाना इलाके में घर के बाहर सो रही महिला की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को देर रात अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।

मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव वार्ड सात धरहर टोला में दरवाजे पर सोयी महिला की गोली मार कर बदमाशों ने हत्या कर दी। रविवार की देर रात घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गया। घटना स्थल से पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है। पीड़ित परिजनों के अनुसार धुरगांव धरहर टोला निवासी दीपनारायण दास की पत्नी निर्मला देवी (65 वर्ष) रविवार की रात दरवाजे पर मच्छरदानी लगा कर सोयी थी।
तभी देर रात डेढ़ बजे बदमाश हथियार के साथ वहां पहुंचा और महिला को करीब से गोली मार दी। सिर में गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग जबतक दरवाजे पर पहुंचे तबतक बदमाश फरार हो गया। सूचना पर सदर थाना अध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का जायजा लेने के साथ ही कुछ सैंपल लिये। परिजनों ने बताया कि मृतका के चार पुत्र हैं।
अभी तक हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो सका है कि आखिर किस कारण बदमाशों ने महिला की हत्या की। गांव में भी इस घटना के लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है। और जल्द मामले के खुलासे का दावा कर रही है।




साइन इन