woman constable dead body found hanging murder case registered on inspector in bihar बिहार में फंदे से झुलती मिली महिला सिपाही की लाश, दारोगा पर हत्या का केस दर्ज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में फंदे से झुलती मिली महिला सिपाही की लाश, दारोगा पर हत्या का केस दर्ज

पुलिस केंद्र के जानकारों ने बताया कि बैरक में चार महिला सिपाही रह रही थीं। अन्य साथी बेलागंज ड्यूटी पर चली गई थीं। कमरे में विभा अकेली थी और सुबह ड्यूटी पर जाने वाली थी। इसी बीच सुबह साढ़े 10 बजे इसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।

Tue, 12 Nov 2024 07:19 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, गया
share
बिहार में फंदे से झुलती मिली महिला सिपाही की लाश, दारोगा पर हत्या का केस दर्ज

गया पुलिस केंद्र में एक महिला पुलिस कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस केंद्र में हड़कंप मच गया। सोमवार की सुबह बैरक में महिला सिपाही की फंदे से झूलते शव मिला। विभा कुमारी 2018 बैच की सिपाही थी। इसकी तैनाती गया पुलिस केंद्र में थी। इस मामले में विभा के पिता फागु महतो ने बांकेबाजार थाने में पोस्टेड दारोगा शिवम कुमार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

गया पुलिस केंद्र में महिला सिपाही विभा कुमारी की मौत के मामले में पिता फागु महतो ने एक दारोगा पर हत्या का प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी दारोगा शिवम कुमार बांकेबाजार थाने में पोस्टेड है। पीड़ित परिजनों के अनुरोध पर मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। देर शाम महिला सिपाही के शव को पुलिस लाइन लाया गया। पुलिस लाइन डीएसपी मनोज कुमार व सार्जेंट विवेक कुमार समेत पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। रात करीब 8 बजे पुलिस लाइन से विशेष वाहन से शव को घर ले जाने के लिए रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नम आंखों से विदाई दी।

साथियों के ड्यूटी पर जाने के बाद बैरक में अकेली थी विभा

पुलिस केंद्र के जानकारों ने बताया कि बैरक में चार महिला सिपाही रह रही थीं। अन्य साथी बेलागंज ड्यूटी पर चली गई थीं। कमरे में विभा अकेली थी और सुबह ड्यूटी पर जाने वाली थी। इसी बीच सुबह साढ़े 10 बजे इसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है। सिपाही का मोबाइल का कॉल डिटेल पुलिस खंगाल रही है।

एसएसपी आशीष भारती ने इस घटना को दुखद बताया है। एसएसपी ने बताया कि एक महिला सिपाही ने पुलिस केंद्र में खुदकुशी कर ली है। घटना की जानकारी के बाद वह मौके पर पहुंचे और छानबीन की जा रही है। एफएसएल और टेक्निकल सेल की मदद से मामले की जांच हो रही है आत्महत्या का क्या कारण है, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।