पटना में डकैती के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या, आधी रात को घर में घुसकर कांड
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। आधी रात को लूटपाट का विरोध करने पर मर्डर की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार आधी रात को लूटपाट की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने एक महिला की हत्या कर दी। वारदात फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ला में हुई। आरोपियों ने घर में डकैती की और फिर बुजुर्ग महिला की हत्या कर भाग गए। वारदात देर रात करीब 2 बजे के आसपास की बताई जा रही है। गला दबाकर महिला की हत्या किए जाने की आशंका है। शनिवार सुबह इस घटना की जानकारी परिजन को लगी और फिर पुलिस को बुलाया गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी सिटी पश्चिमी, फुलवारी डीएसपी समेत अन्य पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने दरवाजे को गैस कटर से काटा और फिर घर में घुसे।
प्रथमदृष्ट्या लूटपाट का विरोध करने पर हत्या की बात कही जा रही है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। मृतका का नाम शांति देवी था, उनकी उम्र करीब 70 साल थी। घर में कुछ सामान को लूटे जाने की भी बात सामने आई है।
एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रथमदृष्ट्या हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि हमलावर शांति देवी का ही कोई करीबी है। वह उन्हें पहले से जानता था। दरवाजे पर लगे फाइबर को बहुत ही बारीकी से काटकर व्यवस्थित रखा गया। कमरे में अलमारी को भी वारदात के बाद बंद किया गया। आरोपी को मृतका के डेली रूटीन के बारे में पूरी जानकारी थी।
(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के आधार पर)




साइन इन