बिहार में खराब मांस की शिकायत करने गई महिला की मीट दुकान पर पीटकर हत्या
वारदात के बाद सीतामढ़ी से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल को सील कर जांच की। टीम ने मौके से खून से सने कपड़े और हमले में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है। मामले में मृतका के पुत्र नजाबुद्दीन राइन के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बिहार के सीतामढ़ी जिले में खराब मीट की शिकायत पर एक महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। यहां भिट्ठा थाना के हनुमान नगर मिया जी टोला में मंगलवार देर शाम खराब मीट दिए जाने की शिकायत करने गई 60 वर्षीय महिला ताजमुल खातून की पट्टीदारों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्य भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, हनुमान नगर निवासी नसीब राइन की पत्नी ताजमुल खातून ने पड़ोस के मुर्गा काउंटर से मीट खरीदा था। मीट खराब होने की शिकायत लेकर जब वह दुकानदार के पास पहुंची, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में ताजमुल खातून के अलावा मोमिना खातून, अफसाना खातून और नजाबुद्दीन राइन भी जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही भिट्ठा थानाध्यक्ष मनोज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरसंड ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने ताजमुल खातून को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, सात पर प्राथमिकी
वारदात के बाद सीतामढ़ी से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल को सील कर जांच की। टीम ने मौके से खून से सने कपड़े और हमले में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है। मामले में मृतका के पुत्र नजाबुद्दीन राइन के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से रहीम राइन, हामिद राइन और सगीरा खातून को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी कार्यालय ने बयान जारी कर फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।




साइन इन