पत्नी ने वीडियो कॉल पर धोया अपनी मांग का सिंदूर, सदमे में पति ने जहर खाकर दी जान
Bihar News: भागलपुर के आदमपुर घाट निवासी शिव कुमार यादव ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी ब्यूटी कुमारी ने वीडियो कॉल पर अपनी मांग का सिंदूर धोकर उसे रिश्ता खत्म करने की धमकी दी थी, जिससे वह गहरे तनाव में था।

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर घाट इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी की एक खौफनाक हरकत से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि युवक की पत्नी ने उसे वीडियो कॉल किया और उसके सामने ही अपनी मांग का सिंदूर धो दिया। इस अपमान और को युवक बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने मौत को गले लगा लिया।
प्रेम विवाह से शुरू हुई थी कहानी
मृतक की पहचान आदमपुर घाट निवासी शिव कुमार यादव के रूप में हुई है। शिव कुमार के पिता छोटू यादव ने मायागंज में पुलिस के समक्ष जो बयान दर्ज कराया है, वह किसी को भी दुखी कर सकता है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे शिव ने वर्ष 2020 में खगड़िया की रहने वाली ब्यूटी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती सालों में सब कुछ ठीक रहा और उनके दो बच्चे भी हुए। शिव कुमार पेशे से टोटो चलाता था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
दिसंबर से शुरू हुआ विवाद
पिछले साल दिसंबर के महीने में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। झगड़ा इतना बढ़ा कि ब्यूटी कुमारी अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। शिव कुमार लगातार उसे वापस लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह आने को तैयार नहीं थी। इसी साल फरवरी महीने में ब्यूटी ने शिव को वीडियो कॉल किया। आरोप है कि कॉल के दौरान उसने शिव कुमार को चिढ़ाते और डराते हुए सबके सामने अपनी मांग का सिंदूर धो दिया और रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया।
इस घटना के बाद से शिव कुमार गहरे तनाव में रहने लगा था। वह अक्सर गुमसुम रहता। बीती 26 अप्रैल की रात वह टोटो चलाकर घर लौटा और पानी लेकर अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने कमरे के अंदर जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसके छोटे भाई ने कमरे के बाहर जहर का खाली पैकेट देखा, तो शोर मचाया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए मायागंज स्थित अस्पताल ले गए, जहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए रविवार की रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने लगाया उकसाने का आरोप
शिव कुमार की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। उसके पिता ने स्पष्ट रूप से अपनी बहू ब्यूटी कुमारी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सिंदूर धोना एक हिंदू पति के लिए सबसे बड़ा अपशकुन और अपमान होता है, और इसी बात ने उनके बेटे को अंदर से तोड़ दिया था। फिलहाल, जोगसर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अब उस वीडियो कॉल और परिवार के अन्य दावों की भी पड़ताल करेगी।




साइन इन