Who is Shivesh Kumar Ram BJP Rajya Sabha candidate from Bihar lost Lok Sabha elections पिता अटल सरकार में मंत्री रहे, खुद लोकसभा हारे; कौन हैं BJP के राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश राम?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पिता अटल सरकार में मंत्री रहे, खुद लोकसभा हारे; कौन हैं BJP के राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश राम?

शिवेश कुमार राम बिहार के शाहाबाद क्षेत्र में भाजपा का दलित चेहरा हैं। वह सासाराम से लोकसभा चुनाव हारे थे। अब भाजपा उन्हें राज्यसभा भेज रही है। उनके पिता मुनि लाल वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे थे। 

Tue, 3 March 2026 05:02 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पिता अटल सरकार में मंत्री रहे, खुद लोकसभा हारे; कौन हैं BJP के राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश राम?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शिवेश कुमार राम को बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने मंगलवार को राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, उनमें शिवेश का भी नाम है। वे विधायक रह चुके हैं और 2024 में सासाराम से लोकसभा का चुनाव हारे थे। शिवेश के पिता दिवंगत मुनि लाल शाहाबाद क्षेत्र के कद्दावर दलित नेता रहे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रहे थे।

शिवेश राम मूलतः भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। वह भोजपुर जिले की अगिआंव सीट से 2010 में भाजपा के विधायक चुने गए थे। 2015 के विधानसभा चुनाव में वे हार गए थे। इसके बाद वह संगठन में प्रदेश महामंत्री समेत विभिन्न पदों पर रहे।

लोकसभा चुनाव हारे थे शिवेश

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सासाराम सीट से तत्कालीन सांसद छेदी पासवान का टिकट काटकर शिवेश राम को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि, शिवेश पार्टी की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और कांग्रेस के मनोज कुमार ने उन्हें 19 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राज्यसभा जाएंगे नितिन नवीन, भाजपा की लिस्ट जारी; बिहार से दूसरा कैंडिडेट कौन?

नितिन नवीन और उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा उम्मीदवार

भाजपा ने मंगलवार को जो सूची जारी की उसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी नाम शामिल है। नितिन बिहार से राज्यसभा जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी एनडीए के उम्मीदवार बनाए गए हैं। वे भाजपा, जेडीयू, लोजपा-आर समेत अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से दोबारा संसद जा सकते हैं।

सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश

शिवेश कुमार राम दलित वर्ग से आते हैं, उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने को भाजपा की सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन अगड़ी जाति से आते हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा पिछड़ा वर्ग से हैं। ऐसे में भाजपा ने एक सीट पर दलित चेहरे का नाम राज्यसभा के लिए बढ़ाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उपेंद्र कुशवाहा होंगे NDA के 5वें राज्यसभा कैंडिडेट, नितिन नवीन के साथ नामांकन

बिहार की कुल 5 राज्यसभा सीटें खाली होने जा रही हैं। सत्ताधारी गठबंधन सभी पांच सीटों पर लड़ेगा। तीन प्रत्याशियों के नामों का ऐलान हो चुका है। अन्य दो सीटों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू कैंडिडेट उतारेगी। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि नीतीश के बेटे निशांत को जेडीयू राज्यसभा भेज सकती है। जबकि मोदी कैबिनेट में जेडीयू कोटे से मंत्री रामनाथ ठाकुर फिर से राज्यसभा जाएंगे। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा बाकी है।

16 मार्च को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग

बिहार की 5 समेत देश भर की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा पिछले महीने हुई थी। नामांकन का आखिरी दिन 5 मार्च है। बिहार में एनडीए की 4 सीटों पर जीत पक्की मानी जा रही है, लेकिन पांचवीं सीट के लिए उसे 3 विधायकों का समर्थन और चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:निशांत का राज्यसभा जाना तय, हरिवंश का पत्ता कटा, रामनाथ को तीसरा टर्म: सूत्र

दूसरी ओर, विपक्ष से लालू-तेजस्वी की पार्टी आरजेडी ने भी प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है, पूरे नंबर महागठबंधन के पास भी नहीं है। ऐसे में 16 मार्च को मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग होने के आसार जताए जा रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।