गेहूं-मक्का खेत में गिरा, 35 फीसदी टिकोले झड़ गए; बिहार में आंधी-पानी से सब बर्बाद
कृषि विशेषज्ञ डॉ. पीके द्विवेदी ने बताया कि इससे नुकसान ज्यादा हुआ है। पिछले सप्ताह आई आंधी-बारिश की तुलना में इस बार नुकसान ज्यादा है। गेहूं में 5 से 10 फीसदी नुकसान बढ़ा है। मक्का को भी ज्यादा नुकसान हुआ है।

बिहार में शुक्रवार रात आई आंधी-पानी से फसलों का नुकसान बढ़ता जा रहा है। गेहं, मक्का और आम की फसल को ज्यादा क्षति हुई है। गेहूं की पकी हुई फसल और मक्का के पौधे खेतों में गिर गए। वहीं, आम के पेड़ के नीचे टिकोले की चादर सी बिछी नजर आई। कृषि विभाग अब नए सिरे से नुकसान के आकलन में जुट गया है। मगध, शाहाबाद, चंपारण में रबी को नुकसान हुआ है। वहीं, सीमांचल-कोसी इलाके में मक्का को जबरदस्त क्षति हुई है। पूरे राज्य में आम के टिकोले 30 से 35 फीसदी तक झड़ गए हैं। आम के टिकोले अब बड़े आकार के हो गए हैं।
इस कारण तेज हवा में टिकोले पेड़ से टूटकर ज्यादा गिरे। राज्य के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार रात 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। कृषि विशेषज्ञ डॉ. पीके द्विवेदी ने बताया कि इससे नुकसान ज्यादा हुआ है। पिछले सप्ताह आई आंधी-बारिश की तुलना में इस बार नुकसान ज्यादा है। गेहूं में 5 से 10 फीसदी नुकसान बढ़ा है। मक्का को भी ज्यादा नुकसान हुआ है। अभी एक सप्ताह पहले हुए नुकसान का आकलन कृषि विभाग कर ही रहा था। विभाग को सभी जिलों से रिपोर्ट नहीं आई है।
शुक्रवार रात आई आंधी के बाद विभाग ने नए सिरे से आकलन कर रिपोर्ट मांगी है। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि फसल क्षति का उचित मुआवजा किसानों को दिया जाएगा। 33 फीसदी से ज्यादा नुकसान वाले इलाकों के किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिहार में एक अप्रैल से गेहूं खरीद
राज्य में गेहूं खरीद एक अप्रैल से शुरू हो जाएगी। सहकारिता विभाग की ओर से इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। इस वर्ष किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने पर पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल अधिक मिलेंगे।
वर्ष 2026-27 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। पैक्स और व्यापार मंडल के जरिए खरीदारी की जाएगी। गेहूं खरीद के लिए किसानों का निबंधन 21 फरवरी से जारी है। किसानों को गेहूं बेचने के 48 घंटे के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा। किसान अपनी सुविधानुसार पंचायत स्तर पर स्थित पैक्स एवं प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल में गेहूं की बिक्री कर सकते हैं। विभाग ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2200693 भी जारी किया है।




साइन इन