विक्रमशिला सेतु की मरम्मत में लगेंगे तीन महीने, दिसंबर तक बगल का नया पुल भी हो जाएगा चालू
Vikramshila Setu Collapse: विक्रमशिला सेतु का स्पैन क्षतिग्रस्त होने से मरम्मत में तीन महीने लगेंगे। प्रशासन ने यात्रियों को मुंगेर और खगड़िया के पुलों का उपयोग करने की सलाह दी है। वहीं, दिसंबर तक सामानांतर नया पुल चालू हो जाएगा।

Vikramshila Setu Collapse: बिहार में उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले सबसे महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु का एक स्पैन क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है। इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुल पर भारी वाहनों और आम यातायात का परिचालन रोक दिया गया है। लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन और पुल निर्माण निगम ने मरम्मत की तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन इस प्रक्रिया में लंबा समय लगने वाला है। तब तक यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष गाइडलाइन और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी साझा की गई है।
मुंगेर और खगड़िया के पुल का करें इस्तेमाल
दक्षिण बिहार को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले इस मुख्य पुल के बाधित होने के बाद विभाग ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए नया रूट प्लान सुझाया है। प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों को यह सख्त सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा के लिए मुंगेर में स्थित श्रीकृष्ण सिंह सेतु का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, खगड़िया में गंगा नदी पर बने नए पुल को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
स्पैन दुरुस्त करने में लगेंगे 3 महीने
इस पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को सूचना भवन के सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि विक्रमशिला सेतु का जो स्पैन गिरा है, उसे दोबारा दुरुस्त करना एक बड़ी तकनीकी प्रक्रिया है। इस स्पैन को पूरी तरह से ठीक करने और पुल को फिर से यातायात के लिए सुरक्षित बनाने में कम से कम तीन महीने का लंबा समय लग जाएगा।
दिसंबर तक चालू होगा सामानांतर नया पुल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने राज्य की जनता के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर भी साझा की। उन्होंने बताया कि मौजूदा विक्रमशिला सेतु के ठीक सामानांतर गंगा नदी पर एक नए पुल का निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है। सरकार और विभाग का लक्ष्य है कि इस साल दिसंबर महीने तक हर हाल में इस नए पुल पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस नए पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी और भी बेहतर व सुगम हो जाएगी।




साइन इन