विजय सिन्हा ने 3 और अचंलाधिकारी को सस्पेंड किया, नीतीश की यात्रा में लगाया था अड़ंगा
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तीन और अंचलाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। उन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्धि यात्रा में व्यवधान डालने और विभागीय आदेश की अवहेलना करने के साथ कोर्ट की अवमानना का आरोप है।
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सीओ और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ एक बार फिर सख्त रवैया अपनाया है। तीन और अंचलाधिकारियों (सीओ) को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें बक्सर सदर के सीओ राहुल कुमार, भागलपुर जिले के शाहकुंड की सीओ हर्षा कोमल और सीतामढ़ी जिले के डुमरा की सीओ डौली कुमारी शामिल हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से इनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा में इन्होंने अड़ंगा लगाया था। इसके पहले हड़ताल पर गए तीन अधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से शनिवार को कहा गया कि इन तीनों अंचल अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की यात्रा में व्यवधान पैदा किया था, साथ ही डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम से भी ये नदारद थे। विभागीय मंत्री के विशेष कार्यक्रम का अनादर एवं अवरोध पैदा करने का इन पर आरोप है।
विभाग का कहना है कि तीनों अधिकारियों ने मार्च, 2026 में महालेखाकार बिहार को आवंटन व्यय एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया। उन्होंने विभागीय आदेश की अवहेलना की। इन पर राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य से काफी कम रुपये का संग्रहण किया, जिससे राज्य के वित्तीय प्रबंधन में बाधा उत्पन्न किए। निलंबित अंचलाधिकारियों पर कोर्ट के अतिक्रमण हटाने के आदेशों का अनुपालन नहीं करने और अदालत क आदेश की अवहेलना करने का भी आरोप है।
सीओ-आरओ की हड़ताल जारी
बता दें कि बिहार में अंचल एवं राजस्व अधिकारी एक महीने से हड़ताल पर हैं। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा द्वारा उन्हें लगातार काम पर लौटने के लिए कहा जा रहा है। विभाग की ओर से निलंबन, सेवा टूट और प्रमोशन रोकने जैसी चेतावनी भी दी जा रही है।
इस बीच कुछ सीओ काम पर लौट गए, लेकिन अब भी कई अधिकारी हड़ताल पर डटे हैं। पिछले महीने विजय सिन्हा ने हड़ताल पर गए तीन अधिकारियों को सस्पेंड किया था। इनमें पटना सदर के सीओ रजनीकांत, पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन सीओ आनंद कुमार और अररिया के अपर जिला भू अर्जन पदाधिकारी जितेंद्र पांडे शामिल थे।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शुक्रवार शाम तक हड़ताली सीओ एवं आरओ को काम पर लौटने की मोहलत दी थी। उन्होंने कहा था कि जो इस अवधि में काम पर लौट जाएगा, उनके खिलाफ कोई ऐक्शन नहीं लिया जाएगा। इसके बावजूद अधिकारियों ने हड़ताल जारी रखी तो सर्विस ब्रेक करके उन्हें प्रमोशन के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन