आधी रात धमाकों से दहला वैशाली, 17 डकैतों ने सोनार के घर बरसाए बम, सोना-चांदी की लूट
वैशाली के महनार में बीती रात 17 हथियारबंद डकैतों ने स्वर्ण व्यवसायी रंजीत साह के घर हमला कर बड़ी लूटपाट की। बम और गोलीबारी करते हुए डकैत घर में घुसे, परिजनों को बंधक बनाया और 50 ग्राम सोना, चांदी व 50 हजार नकदी ले उड़े। हमले में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के महनार प्रखंड में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। महनार थाना क्षेत्र के प्रमानन्दपुर ब्रह्म स्थान के समीप बीती रात करीब 12:40 बजे एक स्वर्ण व्यवसायी के घर पर डेढ़ दर्जन से अधिक डकैतों ने हमला बोल दिया। बमों के धमाके और ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरा इलाका दहल उठा। इस दुस्साहसिक वारदात में घर के दो लोग गंभीर घायल हो गए हैं।
17 डकैतों ने की सोने-चांदी की लूट
जानकारी के अनुसार, प्रमानन्दपुर निवासी स्वर्ण व्यवसायी रंजीत कुमार साह का परिवार जब गहरी नींद में था, तभी अचानक 17 से अधिक नकाबपोश और हथियारबंद अपराधियों ने उनके घर को घेर लिया। डकैतों ने दहशत फैलाने के लिए घर के बाहर बम बाजी की और इसके बाद उन्होंने लोहे के औजारों से घर का मेन गेट, अलमारियां और कमरों के ताले तोड़ दिए। अंदर घुसते ही अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।
सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार
लुटेरों ने घर के कोने-कोने को खंगाला और कीमती सामानों को अपने कब्जे में ले लिया। व्यवसायी के परिजनों के अनुसार, डकैत घर से लगभग 50 ग्राम सोना, भारी मात्रा में चांदी, करीब 50 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूट ले गए। विरोध करने पर अपराधियों ने घर के लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें दो लोग लहूलुहान हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बम फोड़ते हुए आसानी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही महनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी क्षेत्र से बाहर निकल चुके थे। इतनी बड़ी संख्या में हथियारों के साथ डकैतों का गाँव में प्रवेश करना और लगभग एक घंटे तक तांडव मचाना पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोलता है। स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटनास्थल से बम के अवशेष और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन