Upendra Kushwaha reaction on Pawan Singh NDA return will win Magadh Shahabad लोकसभा में वोट बंट गए थे, अब मगध-शाहाबाद जीतेंगे; पवन सिंह की वापसी पर उपेंद्र कुशवाहा बोले, Bihar Hindi News - Hindustan
More

लोकसभा में वोट बंट गए थे, अब मगध-शाहाबाद जीतेंगे; पवन सिंह की वापसी पर उपेंद्र कुशवाहा बोले

आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह की भाजपा में वापसी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में वोटों का बंटवारा होने से एनडीए को नुकसान हुआ था, मगर विधानसभा में मगध और शाहाबाद में हमारी जीत होगी।

Wed, 1 Oct 2025 05:38 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, सासाराम
share
लोकसभा में वोट बंट गए थे, अब मगध-शाहाबाद जीतेंगे; पवन सिंह की वापसी पर उपेंद्र कुशवाहा बोले

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भोजपुरी स्टार पवन सिंह की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में वापसी हो गई है। लोकसभा चुनाव में काराकाट से निर्दलीय लड़कर एनडीए को हराने वाले पवन सिंह की वापसी पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने पहली प्रतिक्रिया दी है। कुशवाहा ने कहा कि लोकसभा में वोटों का बंटवारा होने से एनडीए का नतीजे विपरीत आए थे। अब विधानसभा चुनाव में मगध और शाहाबाद के साथ ही बिहार के अन्य हिस्सों में भी एनडीए जीतेगा।

राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को रोहतास में मीडिया से बातचीत के दौरान पवन सिंह की भाजपा में वापसी का स्वागत किया और कहा कि इससे एनडीए मजबूत होगा।

उन्होंने कहा, लोकसभा में एनडीए का वोट बंट गया था, इसलिए बिहार में परिणाम हम लोगों के विपरीत आया। अब विधानसभा चुनाव में हम वोटों का बंटवारा रोक देंगे, मगध एवं शाहाबाद और बिहार के अन्य हिस्सों में भी एनडीए की जीत होगी। एनडीए मजबूत रणनीति बनाएगा, उसी दिशा में हम सभी मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। एनडीए को अब कोई रोक नहीं सकता है।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक्टिंग करें, कहां चुनाव में पड़े हैं; कुशवाहा-पवन की मुलाकात पर बोले तेज प्रताप

उपेंद्र कुशवाहा और पवन सिंह की हुई सुलह

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की मौजूदगी में मंगलवार को नई दिल्ली स्थित उपेंद्र कुशवाहा के सरकारी आवास पर मुलाकात की थी। एनडीए में वापसी से पहले भाजपा ने पवन सिंह की कुशवाहा से सुलह करवाई। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था। मगर वे बगावत करके बिहार के काराकाट से एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय लड़ गए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पवन सिंह भाजपा में लौटे, उपेंद्र कुशवाहा से हो गई सुलह; तावड़े का चुनावी गेम

काराकाट में एनडीए के वोटों में बंटवारा होने से कुशवाहा की करारी हार हुई और महागठबंधन के राजाराम सिंह चुनाव जीत गए थे। जबकि पवन सिंह दूसरे नंबर पर रहे थे। पवन सिंह के निर्दलीय लड़ने का असर काराकाट ही नहीं बल्कि मगध और शाहाबाद क्षेत्र की अन्य सीटों पर भी हुआ। राजपूत वोट एनडीए से छिटक गए और इन क्षेत्रों में एनडीए को हार का सामना करना पड़ा था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।