एक्टर हैं, एक्टिंग करें, कहां चुनाव में पड़े हैं; उपेंद्र कुशवाहा से पवन सिंह की मुलाकात पर बोले तेज प्रताप
बिहार चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की मुलाकात पर तंज कसते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो कलाकार हैं, कलाकारी करें। कहां चुनाव में पड़ रहे हैं। पहले मेरे पैर में गिरे थे। आज वो कुशवाहा के पैर में गिर रहे हैं।

भोजपुरी एक्टर पवन सिंह की एनडीए के सहयोगी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) चीफ उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात ने बिहार का सियासी पारा हाई कर दिया है। इस मुलाकात पर तेज प्रताप यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा कि पवन सिंह की बुद्धि-विवेक काम नहीं कर रहा है, क्या करेंगे, क्या नहीं करेंगे वो ही जानें। लेकिन वो कलाकार हैं, तो कलाकारी करें। कहां चुनाव में पड़े हुए हैं। तेज प्रताप ने कहा कि 'लखनऊ में पवन सिंह मेरे पैर में गिरे थे। आज वो कुशवाहा के पैर में गिर रहे हैं। वो लगातार गिर रहे हैं।
आपको बता दें दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात से बीजेपी के विनोद तावड़े और ऋतुराज सिन्हा पवन सिंह को लेकर उपेंद्र कुशवाहा के घर पहुंचे थे। जहां पवन सिंह ने कुशवाहा से मुलाकात की। इस दौरान उनके पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया था। इस मुलाकात पर तावड़े ने कहा कि पवन भाजपा में हैं, और भाजपा में ही रहेंगे। आने वाले चुनाव में बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता के तौर पर काम करेंगे। उपेंद्र कुशवाहा से मिलकर उन्होने आशीर्वाद लिया है।
इस मुलाकात के बाद पवन सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जो करीब 30 मिनट चली। इस दौरान पवन सिंह ने शाह को गमछा दिया। फिर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने नड्डा को शॉल भी भेंट की। मीडिया से बातचीत में पवन सिंह ने कहा कि हम बीजेपी के अलग हुए ही कब थे, हम साथ हैं।
आपको बात दें पार्टी और परिवार से अलग चल रहे तेज प्रताप ने भी अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई है। वहीं छठ को यूनेस्को में दर्ज कराने के पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर तेजप्रताप ने कहा कि ये अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि ये लोक आस्था का सवाल है और अगर कोई इसे आगे बढ़ा रहा है तो अच्छी बात है।




साइन इन