नाराज RLM विधायकों को मनाने में जुटे उपेंद्र कुशवाहा, माधव आनंद और आलोक सिंह से मुलाकात
आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार देर शाम पटना स्थित आवास पर पार्टी के दो विधायकों माधव आनंद और आलोक कुमार सिंह से मुलाकात की है। ये विधायक कुशवाहा से नाराज बताए जा रहे थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के नाराज विधायकों को मनाने में जुट गए हैं। कुशवाहा ने आरएलएम विधायक माधव आनंद और आलोक कुमार सिंह से मुलाकात की है। इसकी तस्वीर पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर भी शेयर की गई है। इसे कुशवाहा की पार्टी की ओर से विधायकों के नाराजगी की अटकलों को खारिज करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
आरएलएम के फेसबुक पेज पर शेयर की गई तस्वीर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ मधुबनी विधायक माधव आनंद एवं दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह नजर आ रहे हैं। यह मुलाकात कुशवाहा के पटना स्थित आवास पर शुक्रवार देर शाम को हुई। हालांकि, पार्टी के तीसरे विधायक रामेश्वर महतो इस बैठक में नहीं नजर आए। इस तस्वीर को शेयर करते हुए पार्टी ने लिखा- "कुशवाहा अपने आवास पर विधायकों से गपशप करते हुए"।
RLM विधायकों के नाराजगी की चलीं अटकलें-
बता दें कि हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में कुशवाहा की पार्टी आरएलएम से 4 विधायक जीते थे। उनकी पत्नी स्नेहलता को छोड़कर अन्य तीनों विधायक कुशवाहा से नाराज बताए जा रहे थे। दरअसल, सरकार गठन के दौरान कुशवाहा ने विधायकों को दरकिनार कर अपने बेटे दीपक प्रकाश को नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनाया। दीपक किसी भी सदन के फिलहाल सदस्य नहीं हैं।
कुशवाहा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कई पदाधिकारियों ने आरएलएम से बीते दिनों इस्तीफा दे दिया था। पार्टी के तीनों विधायकों ने भी उनसे दूरी बना ली थी। उपेंद्र कुशवाहा ने पिछले दिनों पटना में लिट्टी पार्टी दी, तो उसमें तीनों एमएलए नहीं पहुंचे। फिर उनकी तस्वीर भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ नजर आई थी। एक दिन पहले भी दो विधायक नितिन नवीन के दही-चूड़ा भोज में दिखे थे।




साइन इन