सोना, चांदी, हीरा बेचने वाले हाथ तलने लगे पकौड़ा; पीएम मोदी की अपील का अनोखा विरोध
डेहरी के पाली रोड स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक सच्चिदानंद प्रसाद ने अपनी दुकान के आगे विधिवत चाय-पकौड़े के स्टॉल की शुरुआत की। स्टॉल का उद्घाटन डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने की।

PM Modi Appeal Virodh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील का बिहार के स्वर्ण व्यवसायी विरोध करने लगे है। रोहतास के डेहरी से एक अनोखी और चर्चित तस्वीर सामने आई है, जहां एक कारोबारी ने अपनी आभूषण दुकान के सामने ही चाय और पकौड़े की दुकान खोल दी। इस अनोखे विरोध की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
डेहरी के पाली रोड स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक सच्चिदानंद प्रसाद ने अपनी दुकान के आगे विधिवत चाय-पकौड़े के स्टॉल की शुरुआत की। खास बात यह रही कि स्टॉल का उद्घाटन डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने की। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और विरोध का यह तरीका चर्चा का विषय बन गया।
प्रतिष्ठान संचालक ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लोगों से अगले एक वर्ष तक सोना-चांदी की खरीदारी नहीं करने की अपील के बाद बाजार पर गहरा असर पड़ा है। ग्राहकों की संख्या में लगातार कमी आ रही है, जिससे कारोबार लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंच गयी है। कहा कि स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका इस व्यापार पर निर्भर करती है। जब ग्राहक ही नहीं आएंगे तो व्यवसाय कैसे चलेगा और परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा। इसी परेशानी को दर्शाने और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से अपने आभूषण दुकान के सामने चाय-पकौड़े का स्टॉल शुरू किया है। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में कई ज्वेलरी दुकानदारों को दूसरा व्यवसाय अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
नगर परिषद के मुख्य पार्षद ने किया उद्घाटन
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को औपचारिक रूप देने के लिए ज्वेलरी दुकान संचालक ने डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी को आमंत्रित किया। उन्होंने फीता काटकर चाय और नाश्ते के स्टॉल का उद्घाटन किया। कई लोगों ने इसे कारोबारियों की पीड़ा का प्रतीक बताया, तो कुछ ने इसे विरोध जताने का नया और रचनात्मक तरीका कहा।
स्वर्णकार समाज में बढ़ रही है नाराजगी
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद स्वर्णकार समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि पहले ही बाजार में मंदी का असर है, ऊपर से सोना नहीं खरीदने की अपील ने उनके व्यापार को और प्रभावित कर दिया है। स्वर्ण व्यवसायियों का कहना है कि सोना-चांदी का व्यापार केवल बड़े कारोबारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कारीगर, मजदूर, डिजाइनर और छोटे दुकानदार भी जुड़े हुए हैं। कारोबार में गिरावट का असर इन सभी पर पड़ रहा है।
चर्चा का केंद्र बना चाय-पकौड़े का स्टॉल
पाली रोड स्थित यह चाय-पकौड़े का स्टॉल अब इलाके में चर्चा का केंद्र बन गया है। लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं और ज्वेलर्स के इस विरोध के तरीके पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि यह विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण और प्रतीकात्मक है, लेकिन इससे स्वर्ण कारोबारियों की चिंता साफ झलक रही है। कारोबारियों का कहना है कि सरकार को ऐसे फैसलों का असर छोटे व्यापारियों और आम दुकानदारों पर भी ध्यान में रखना चाहिए।
(सासाराम से धर्मेंद्र की रिपोर्ट)




साइन इन