तिलक चढ़ा लौट रहे 5 लोगों को ट्रक ने कुचल कर मार डाला, बिहार के सासाराम में बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि आगामी 7 मई को परिवार में शादी होने वाली थी। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस हादसे ने खुशियों के माहौल को पल भर में गमगीन कर दिया।

बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। आरा-मोहनियां नेशनल हाईवे पर बेलवैयां मठिया गांव के पास एक अनियंत्रित कंटेनर ने खड़ी बस और पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित मठिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे जब लोग बस से उतरकर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी मलियाबाग की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने खड़ी बस और पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में बेलवैया मठिया के लड़की के पिता अशोक कुमार सिंह 45 वर्ष, चाचा पिंटू कुमार 35 वर्ष, रामेश्वर सिंह 38 वर्ष, काराकाट प्रखंड के मिश्राबलिया गांव के भगिना छोटू 20 वर्ष , और कैमूर जिला के भगवानपुर के लड़की के मामा रामब्रत सिंह शामिल है।
शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा
बताया जा रहा है कि आगामी 7 मई को परिवार में शादी होने वाली थी। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस हादसे ने खुशियों के माहौल को पल भर में गमगीन कर दिया।
राहत और बचाव कार्य
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दिनारा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
चालक फरार
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है।




साइन इन